अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम
तोशाम के गांव में सीआईएएसएफ के जवान को पत्नी द्वारा नींबू पानी में जहर मिलाए जाने का मामला सामने आया है। जवान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पत्नी के अलावा सास, ससुर, साला, साली और सलज (साले की पत्नी) के खिलाफ जहर पिलाने व साजिश किए जाने का मामला दर्ज किया है। जवान ने ससुराल पक्ष पर तनख्वाह हड़पने का भी आरोप लगाया हैं। उधर पत्नी ने पति सहित सास, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ घर में बंधक बनाकर मारपीट करने, छेड़छाड़ करने व जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना अंतर्गत एक गांव के सीआईएएसएफ के जवान को पत्नी द्वारा नींबू पानी में जहर पिलाने की शिकायत पुलिस को मिली हैं। जानकारी के अनुसार जवान सात मई को दस दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। जवान प्रवीण का आरोप है कि 13 मई को पत्नी ने नींबू पानी पिलाने की बात कही। नींबू पानी में जहर मिलाया हुआ था। जवान का आरोप हैं कि ससुराल पक्ष के लोग उसकी तनख्वाह को हड़पना चाहते हैं। जवान की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी, ससुर राजपाल, सास संतोष, साला महेंद्र, साले की पत्नी गुड्डी, साली सुशीला के खिलाफ धारा 328, 120बी के तहत मामला दर्ज किया है।
उधर पत्नी ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग तंग करते हैं। महिला ने शिकायत में बताया हैं कि 13 मई को पति, जेठ दिनेश, जेठानी बबली, सास व ससुर ने मारपीट की। इसके अलावा महिला ने कमरे में बंद करने और जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत की है। जांच अधिकारी एएसआई उमेद ने बताया कि दोनों ओर से मिली शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच की जा रही है।