प्रशासन ने प्राइवेट स्कूल संचालकों को रैली में जाने से रोका
भिवानी। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन द्वारा सीएम को काले झंडे दिखाए जाने के ऐलान को लेकर प्रशासन की सांसे फूली रही। एसोसिएशन आह्वान पर रविवार को काफी संख्या में प्राइवेट स्कूल के संचालक भिवानी नई अनाज मंडी में एकत्रित हुए। स्कूल संचालक व स्टाफ एकत्रित होने की सूचना पर पुलिस बल व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सतीश कुमार व पुलिस ने पहुंच कर सभी को समझाया। इसी दौरान भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के राज्य प्रधान रामवतार शर्मा ने स्थिति को संभाला और एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बात कर मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाने का आश्वासन दिया।
रैली शुरू होने से पहले ही एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाई गई। कुलभूषण शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया की सरकार के साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद प्राइवेट स्कूलों की समस्या जैसे की तैसे बनी हुई हैं। सरकार ने स्कूलों पर नए नए नियम लगाकर मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। 134ए को खत्म करने की जगह सरकार हर साल अपात्र बच्चों को दाखिला दिलवा रही है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल फिर भी सरकार का सहयोग कर रहे हैं और सारे नियमों और प्रावधानों को मानते हुए प्राइवेट स्कूल हर साल 134 ए के तहत दस प्रतिशत बच्चों को दाखिला दे रहे हैं। बावजूद सरकार ने ज्यादातर स्कूलों को 2105-16 सत्र में दाखिल किये गए बच्चों की भी फीस अभी तक नहीं दी है। एसोसिएशन ने इन बच्चों की बकाया फीस तुरंत रिलीज करने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में कुलभूषण शर्मा, आकाश रहेजा, और एसोसिएशन के दादरी, लोहारू, तोशाम, बवानीखेड़ा, ढिगावा के पदाधिकारी शामिल थे।