काम करना आता है, गालियां देनी नहीं आती : मुख्यमंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
ढिगावा मंडी (भिवानी)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने विपक्ष पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि उन्हें काम करना आता है, गालियां देनी नहीं आती। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाकर सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये के बजट में से 15 हजार करोड़ रुपये बचाए हैं।
रविवार को जिले के ढिगावा मंडी कस्बे में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी दलाल की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 लाख करोड़ रुपये की यह राशि जनता के खून-पसीने की कमाई है और इसको विकास कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा। पिछली सरकारों द्वारा समय बचत तो दूर की बात, सार्वजनिक धन राशि का भी जमकर दुरुपयोग किया जाता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से देश में परिवर्तन की लहर चल रही है। 2014 के पहले देश के 70 प्रतिशत क्षेत्र में कांग्रेस और सिर्फ 20 फीसदी में भाजपा की सरकार थी। आज 80 फीसद इलाके में भाजपा व उनके सहयोगियों की सरकार है। विकास की बदौलत भाजपा ने देश के लोगों का विश्वास जीता है। उन्होंने लोहारू हलके के लोगों भरोसा दिलाया कि 30 साल बाद नहरों में पानी आने का जो सिलसिला शुरू हुआ है, वह अब निरंतर जारी रहेगा। नहरों में पानी टूटने नहीं दिया जाएगा।
जनसभा में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि 15 मार्च के बाद सरसों की सरकारी खरीद शुरू हो जाएगी। कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा द्वारा निकाली जा रही जनक्रांति यात्रा महज एक भ्रांति यात्रा है और कांग्रेस पार्टी के लिए यह बगावत का संकेत है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसलों में 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर किसान के अनाज की सरकार द्वारा खरीद की जाएगी।
इस मौके पर विधायक सुखविंद्र सिंह मांढ़ी, बिशंभर वाल्मीकि व घनश्याम दास सर्राफ के अलावा नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन जवाहर यादव, ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र सिंह, पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन ऋषिप्रकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी आदि मौजूद रहे।