रेलवे स्टेशन के पास बना रैन बसेरा
भिवानी। आखिरकार रैन बसेरा बुधवार को शुरू हो गया। इस साल रैन बसेरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में शुरू किया गया है। इसकी क्षमता 30 बिस्तर की है।
अमर अजाला ने बुधवार के अंक में ‘बसेरे पर ताले कहां बिताएं रैन’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया तो दोपहर होते-होते रैन बसेरा शुरू हो गया। रेडक्रास ने अपने परिसर में चल रहे रैन बसेरे को रेलवे स्टेशन के पास आकाशवाणी केंद्र के साथ राजीव गांधी भवन में शुरू कर दिया।
रैन बसेरा दो कमरों का है इसमें 30 आदमियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। एक कमरे में 20 बिस्तर पुरुषों के लिए और दूसरे कमरे में 10 महिलाओं के लिए इंतजाम किया गया है।
रेडक्रास के सचिव प्रदीप कुमार ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, बस स्टैंड समेत शहर में कई जगह होर्डिंग लगाए जाएंगे, ताकि बसेरे तक लोग आसानी से पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास रैन बसेरे की शिफ्टिंग लोगों की सहूलियत के मद्देनजर की गई है।
--
बवानीखेड़ा और सिवानी में जगह फाइनल
सचिव ने बताया कि बवानीखेड़ा में रेलवे स्टेशन के सामने धर्मशाला में रैन बसेरा आरंभ कर दिया गया है। सिवानी मंडी में पंजाबी धर्मशाला में रैन बसेरा वीरवार से आरंभ हो जाएगा। लोहारू में रैन बसेरे के लिए जगह की तलाश की जा रही है। संभवतया वीरवार को जगह फाइनल हो जाएगी।