भिवानी। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से नई पुलिस लाइन के डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में वीरवार को जिलास्तरीय रोड सेफ्टी प्रतियोगिता कराई गई। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देश पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिलेभर से 60 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतों का कारण वाहन सही प्रकार से न चलाना, हेलमेट न पहनना और सीट बेल्ट का उपयोग न करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने और सुरक्षित वाहन चलाने के नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला यातायात थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना है। परीक्षा में 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 12 विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण होकर अपनी योग्यता साबित की। विजेता आलोक कुमार, शौर्या यादव, मीरा, चिराग, यानीश सांगवान, जगत सिंह, केशव भारद्वाज, प्रशांत, नीरज विशेष, हर्षित शर्मा और चैतन्यता को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित किया। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और इस मुहिम में सहयोग करें।