भिवानी। लॉकडाउन के कारण करीब 69 दिन से थमा रोडवेज बसों का पहिया बुधवार से घूमने लगेगा। शुरुआत में रोडवेज प्रशासन 30 रूटों पर करीब 60 बसों का संचालन करेगा। वहीं रोडवेज में ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ-साथ बस के अंदर भी यात्रियों को परिचालक टिकट देगा। इतना ही नहीं रास्ते में भी रोडवेज बसों का ठहराव होगा और ग्रामीण इलाकों के लोग भी बसों में सफर कर सकेंगे। एहतियात के तौर पर रोडवेज बसों में सामुदायिक दूरी के लिए प्रत्येक बस केवल 30 से 35 यात्री ही सवार होंगे। वहीं अभी किसी भी बीमार व्यक्ति को सफर नहीं करने दिया जाएगा। बस में सवार होते समय प्रत्येक यात्री के हाथों को सैनिटाइज कराया जाएगा।
बुधवार से दस ग्रामीण और दस शहरों तक रोडवेज बसें दौड़ लगाएंगी। इनमें राजस्थान और देहरादून तक रोडवेज बसें भिवानी से जाएंगी। रोडवेज मुख्यालय ने इंटर स्टेट व इंटर डिस्ट्रिक्ट बसों के संचालन की मंजूरी दी है। रोडवेज ने दस ग्रामीण के साथ दूसरे राज्यों के दस चुनिंदा शहरों तक बसों के संचालन का शेड्यूल जारी कर दिया है। टिकट आनलाइन व आफ लाइन दोनों तरह से मिलेंगी।
भिवानी डिपो को करीब 10 करोड़ की चपत
लॉकडाउन के दौरान बसें खड़ी रहने से भिवानी डिपो को करीब 10 करोड़ की चपत लग गई। हालांकि लॉकडाउन में थोड़ी राहत मिलने के बाद गुरुग्राम, दिल्ली, हिसार सहित कुछ रूटों पर आनलाइन टिकट बुकिंग के साथ बस सेवा शुरू की थी, लेकिन खास रुझान नहीं मिला था। भिवानी डिपो में इस समय 190 रोडवेज बसें हैं, इसमें पांच मिनी बसें भी शामिल हैं।
देहरादून, हरिद्वार, अजमेर व सीकर तक जाएंगी बसें
भिवानी से देहरादून, हरिद्वार, अजमेर व सीकर तक बसें जाएगी। वहीं प्रदेश स्तर पर हिसार, जींद, गोहाना, रोहतक, गुरुगाम, झज्जर, नारनौल, दादरी, सतनाली व महेंद्रगढ़ तक रोडवेज बसें चलेंगी। रोडवेज बस सेवाएं बहाल होने से दूसरे शहरों में नौकरी करने वालों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा रोजाना सफर करने वालों को भी बस सेवा बहाली का फायदा होगा।
यह रहेगा समय
स्थान समय
हरिद्वार 09
देहरादून 08
हिसार 08:30
हिसार 10
हिसार 11
सिकर 07:30
जींद 09
जींद 10
जींद 11:40
जींद 12
गुरुग्राम 08
गुरुग्राम 09
गुरुग्राम 12:45
चरखी दादरी 07
चरखी दादरी 09
गोहाना 07:40
गोहाना 09
नारनौल 09
नारनौल 11
रोहतक 08
रोहतक 09
उण, बौंद 07
लोहारू, ढिगावा 08:40
लोहारू 11:30 (चार चक्कर)
सिवानी 10:25 (चार चक्कर)
भिवानी डिपो से पांच मिनी बसों के साथ 60 रोडवेज बसों का संचालन बुधवार से किया जाएगा। दूसरे राज्यों और शहरों तक रोडवेज बसें भेजी जाएंगी। ऑनलाइन बुकिंग के साथ-साथ बस के अंदर भी टिकट यात्रियों को मिलेगी। सरकार की हिदायतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बीच रास्ते में भी बसों का ठहराव होगा। - गुलाब सिंह दूहन, डिपो महाप्रबंधक भिवानी।