भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार गंभीर होता जा रहा है। रविवार को जहां 106 कोरोना संक्रमित सामने आए थे, वहीं सोमवार को 53 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। जिसके बाद एक्टिव केसों का आंकड़ा 307 तक पहुंच गया है। बच्चे, युवा, बुजुर्ग हर वर्ग के लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो रहे हैं, जो कि चिंता का विषय है। अब तक जिले में 6809 कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं, जिनमें से 6350 ठीक हो चुके हैं। सोमवार को 14 ठीक हुए। 1177 नए सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजे गए।
53 कोरोना संक्रमितों में बच्चों और विद्यार्थियों की बात करें तो मानहेरू में 11 वर्षीय बच्चा, तिगड़ाना में एक वर्षीय बच्चा, उत्तमनगर में 13 वर्षीय बच्ची, तालू में नौ वर्षीय बच्चा, बड़ेसरा में 17 वर्षीय किशोर पॉजिटिव मिले है। बवानीखेड़ा से 21-21 वर्ष की दो युवतियां, 18 वर्षीय छात्रा, 28 वर्षीय युवती पॉजिटिव मिली। छपार में तीन पॉजिटिव मिले, जिनमें 20 वर्षीय युवक, 26 वर्षीय युवती, 58 वर्षीय बुजुर्ग शामिल है। इनके अलावा तालू में तीन पॉजिटिव मिले, जिनमें 60-60 वर्ष के दो बुजुर्ग और नौ वर्षीय एक बच्चा शामिल है। जिला जेल से एक बंदी पॉजिटिव मिला है। रविवार को भी नौ बंदी पॉजिटिव मिले थे, जिससे जेल में भी हड़कंप मचा है।
वर्जन::
कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और ऐसे में सावधानी ही एकमात्र विकल्प है। लोग कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें और मास्क पहने। सामुदायिक दूरी रखते हुए ही बाजारों में जाए। जहां तक संभव हो अपने घर में ही रहे।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन