अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। अब सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए फ्रेंडली शौचालय और रैंप तैयार कराने होंगे। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने जिला के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए एक माह के अंदर अपने-अपने खंड में सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के अंदर फ्रेंडली शौचालय व रैंप का निर्माण कराकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल व आल इंडिया दिव्यांग अधिकार संगठन के अध्यक्ष विनोद कुमार वर्मा ने दो अगस्त को एक शिकायत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को दी थी। इस शिकायत पर विभाग ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आठ अगस्त 2018 को आदेश दिए थे कि जल्द से जल्द शौचालय व रैंप का निर्माण करवाया जाए। लेकिन इसके बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने निजी स्कूलों में इस तरह के निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं की। विभाग के आयुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर निजी स्कूलों में 30 दिन के अंदर रैंप और फ्रेंडली शौचालयों का निर्माण कर रिपोर्ट विभाग को भेजने के आदेश दिए। अब इस मामले में भिवानी के जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि के दौरान अगर रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई जाती है तो इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेजी जाएगी। स्वास्थ्य शिक्षा सहयोग संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बृजपाल परमार ने बताया कि सभी निजी स्कूलों के अंदर दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए फ्रेंडली शौचालय एवं रैंप का निर्माण अति आवश्यक किया हुआ है।