एचटेट: रिजल्ट लेट परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित
भिवानी। बायोमैट्रिक पहचान प्रक्रिया पूरी न होने की वजह से रोके गए 1816 एचटेट परीक्षार्थियों के रिजल्ट में से 1284 का परिणाम घोषित कर दिया गया। अभी केवल पहचान प्रक्रिया पूरी करने वाले परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी किया गया है। परिणाम बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बीएसईएच डॉट ओआरजी डॉट इन पर व मोबाइल एप्लीकेशन पर देखा जा सकता है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा, दिसंबर-2017 से संबंधित जिन परीक्षार्थियों की आधार आधारित बायोमैट्रिक पहचान प्रक्रिया तकनीकी व अन्य कारणों से पूर्ण नहीं हो पाई है। ऐसे परीक्षार्थियों का परिणाम आरएलई घोषित किया गया है। ऐसे सभी 1816 परीक्षार्थियों को 10 मार्च, 2018 से 15 मार्च, 2018 तक बोर्ड मुख्यालय के अध्यापक भवन में स्थापित केंद्र पर आकर अपनी आधार आधारित बायोमैट्रिक पहचान प्रक्रिया पूर्ण करने का मौका दिया गया था। डा. सिंह ने बताया कि जिन परीक्षार्थियों की आधार आधारित बायोमैट्रिक पहचान प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है अथवा किन्हीं कारणों से उपस्थित नहीं हुए हैं, उनको एक अवसर और देने के बारे में मामला विचाराधीन है।