पानी के दाम में 10 गुना वृद्धि के विरोध में सेक्टर के बाशिंदों ने फूंके बिल
भिवानी। पेयजल व सीवरेज के बढ़े दाम के विरोध में हुडा सेक्टर के बाशिंदों ने लघु सचिवालय के बाहर बिल की प्रतियां फूंक कर अपने नाराजगी का इजहार किया। लोगों ने ऐलान किया कि जब तक बढ़ोतरी वापस नहीं होगी, तब तक बिल नहीं भरेंगे।
सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे सेक्टर के लोग अर्बन इस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले यहां लघु सचिवालय के बाहर जमा हुए। लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद लोगों ने पानी के बिलों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। इसके बाद नायब तहसीलदार के माध्यम से सीएम मनोहरलाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया और पानी व सीवरेज के बढ़े दाम को वापस लेने की मांग की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप है कि पिछले दो महीनों से घरों में आने वाले पानी व सीवरेज के बिल 10-10 गुणा बढ़ गए हैं। जबकि शहर के अन्य हिस्सों में बिलों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। गांवों में पानी को कोई पैसा नहीं लिया जा रहा है।
द भिवानी अर्बन इस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के जिला प्रधान मनोहलाल सरदाना व कोषाध्यक्ष धीरज कक्कड़ ने बताया कि सेक्टर में रहने वाले लोगों को महंगा पानी देकर सरकार नाइंसाफी कर रही है। सेक्टर में सड़कों की बुरी दशा है और सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। हर घर से 50-50 रुपये इकट्ठे कर लोग अपने स्तर पर सफाई करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बढ़ोतरी वापस नहीं लेने तक बिल ना भरने का फैसला लिया गया है। यदि इसके बाद भी सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर ओमप्रकाश पोपली, रणबीर सिंह सिवाच, गुलाब राम वर्मा, संजय कक्कड़, भूषण कामरा, गुलशन पुरुथी, राजबीसिंह चहल, कुलदीप सिंह, नरेंद्र शर्मा, बलबीर गिरधर, दीपक कुमार, अमन टूटेजा, संदीप यादव, संदीप सचदेवा आदि मौजूद रहे।