पंचायत भवन से सूखे राशन की थैलियों को ट्रैक्टर-ट्राली में रखकर लेकर जाते कर्मचारी।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। जरूरतमंदों तक सूखा राशन पहुंचाने में आखिरकार जिला प्रशासन हरकत में आ ही गया। प्रशासन ने आननफानन में खराब होने के कगार पर पहुंच रहे राशन का वितरण बवानीखेड़ा नगर पालिका के वार्डों में कराने के लिए शुक्रवार को भेजा दिया। बवानीखेड़ा नगरपालिका के दस सफाई कर्मचारी ट्रैक्टर ट्राली के साथ पंचायत भवन में पहुंचे और करीब तीन चक्कर लगाकर यहां से सूखे राशन की 488 किटों का उठान कराया गया। वहीं इस आटे की गुणवत्ता को नहीं जांचा गया।
कोविड-19 के दौरान जिला प्रशासन ने गरीबों को वितरित करने के लिए सूखा राशन की खरीद की थी। इसमें दस किलोग्राम और पांच किलोग्राम आटे की थैलियां भी शामिल थीं। इन थैलियों में पिछले करीब दो महीनों से रखे रखे की कीड़े चलने लगे थे। वितरण के इंतजार में गरीबों का निवाला खराब हुआ तो अधिकारियों में भी हड़कंप मचा। इसके बाद सप्लायर से खराब हुए आटे को बदलवाया गया। पंचायत भवन में सूखे राशन में 370 ऑटे की थैलियां दस किलोग्राम वजनी रखी हुई थीं जबकि 235 आटे की थैलियां पांच किलोग्राम की पैकिंग में है। पंचायत भवन में ही 779 सूखे राशन की किट रखी हैं, जिसमें प्रत्येक किट में 20 किलोग्राम सूखा राशन है। इस राशन की लगातार पंचायत भवन में जमीन पर ही रखे रहने से गुणवत्ता पर बुरा असर पड़ रहा था, क्योंकि इन्हें लंबे समय तक बिना इस्तेमाल सुरक्षित नहीं रखा जा सकता था। सबसे ज्यादा हालत खराब तो आटे की थी, जिसमें कीड़े चलने लगे थे। वितरण व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हो पाने की वजह से ये सूखा राशन अधिकारियों के लिए ही बड़ी आफत बन चुका था।
पंचायत भवन में रखे सूखे राशन का उठान कराया गया है। बवानीखेड़ा नगरपालिका को सूखे राशन की 488 किट भेजी गई हैं। आटे के स्टॉक का उठान हो चुका है। फिलहाल यहां पर खाद्य वस्तुओं के बॉक्स रखे हैं। जिनकी गुणवत्ता पर भी निगरानी की जा रही है।
-कृष्ण कुमार, नोडल आफिसर एवं कार्यकारी अभियंता पंचायती राज विभाग।
जिला प्रशासन की तरफ से बवानीखेड़ा के वार्डों में वितरण के लिए सूखा राशन भेजा है। डीसी के आदेश पर शुक्रवार को करीब 20 सूखे राशन की किट सफाई कर्मचारियों को बांटी गई हैं। बाकी सूखे राशन का वितरण सोमवार से कराया जाएगा। यूनिट कमेटी के सर्वे की लिस्ट के आधार पर कस्बा के वार्डों में सूखे राशन का वितरण होगा। अभी राशन की गुणवत्ता नहीं जांची है।
- कांता किरण, चेयर पर्सन नगरपालिका बवानीखेड़ा।