महिलाओं को एक जगह मिलेंगी उपचार संबंधित सभी सुविधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सामान्य अस्पताल की ओपीडी में भारी भीड़ के बीच महिलाओं को धक्का-मुक्की नहीं करनी पड़ेगी और न ही विभिन्न टेस्ट, अल्ट्रासाउंड के लिए इधर-उधर भटकना पड़ेगा। बैठने के लिए भी पर्याप्त जगह मिलेगी और पीने के पानी की भी सुविधा रहेगी। स्वास्थ्य विभाग गायनी वार्ड को ओपीडी से दूर पुराने एक्स-रे वार्ड में शिफ्ट करेगा। इसका दरवाजा भी नर्सिंग हॉस्टल की ओर रहेगा और यहां शेड, बेंच लगाए जाएंगे। इसके लिए बुधवार को सिविल सर्जन ने निरीक्षण किया और कर्मचारियों को शेड लगाने के निर्देश दिए।
सामान्य अस्पताल की ओपीडी में कमरा नंबर 16 में फिलहाल गायनी वार्ड चल रहा है। यहां भीड़ इतनी अधिक रहती है कि गैलरी में पांव रखने तक की जगह नहीं होती। महिलाओं में चिकित्सक कक्ष के अंदर जाने के लिए धक्का-मुक्की होती है। डॉक्टर के पास नंबर आने के बाद महिलाओं को विभिन्न टेस्ट, अल्ट्रासाउंड के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। सिविल सर्जन डा. आदित्य स्वरूप गुप्ता ने इन सब समस्याओं का समाधान निकालते हुए गायनी वार्ड को ही यहां से पुराना एक्स-रे वार्ड में शिफ्ट करने का निर्णय लिया। यहां पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी है।
---
पूरे गायनी वार्ड को ओपीडी से शिफ्ट कर पुराना एक्स-रे वार्ड की जगह शिफ्ट किया जाएगा। शेड लगाने के निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। काम पूरा होते ही ओपीडी से गायनी वार्ड को यहां शिफ्ट किया जाएगा।
- डॉ. आदित्य स्वरूप गुप्ता, सिविल सर्जन