अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। गाड़ी पासिंग करवाने के लिए आने वाले वाहन मालिकों को गाड़ी पास ना करने का डर दिखाकर उनसे 15 रुपये की रिफ्लेक्टर टेप के 500 रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। ऐसा ही एक मामला बुधवार को आया तो एक व्यक्ति ने थाना सिविल लाइन पुलिस को शिकायत दी। मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते केस दर्ज कर रात साढ़े नौ बजे पांच आरोपियों को काबू किया है। पुलिस आरोपियों को आज कोर्ट में पेश करेगी।
जानकारी के अनुसार डीसी कॉलोनी निवासी सुमेर ने थाना सिविल लाइन पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बहन का ट्रक की पासिंग करवाने के लिए औद्योगिक एरिया में आया था। वहां पर पांच युवक मिले, जिन्होंने रिफ्लेक्टर टेप लगवाने की बात कही। जब उसने मना किया तो उसने कहा कि अगर रिफ्लेक्टर टेप नहीं लगवाई तो गाड़ी की पासिंग नहीं करेंगे। मामले में गड़बड़ी लगी तो उसने इसकी शिकायत थाना सिविल लाइन पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुये रात साढ़े नौ बजे पांच आरोपियों को काबू कर लिया। पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान समीर, राहुल, महेश शर्मा, पंकज, सहित के रूप में हुई।
वर्जन
डीसी कॉलोनी निवासी सुमेर ने शिकायत दी थी कि कुछ युवक रिफ्लेक्टर टेप के नाम पर गाड़ी चालकों को लूटने का काम कर रहे हैं। मामले में कार्रवाई करते हुये पांच आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
-एसआई अजीत सिंह, प्रभारी थाना सिविल लाइन।