अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शहर के अधिकतर वार्डों में कोई समस्याएं नहीं है या वार्ड पार्षद समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। पार्षदों की कार्यप्रणाली से तो ये ही लगता है। पिछली नप की बैठक में सभी पार्षदों से उनके वार्डों की कच्ची गलियों, स्ट्रीट लाइटों की रिपोर्ट मांगी गई थी मगर सिर्फ 13 पार्षदों ने ही रखी। नप की बैठक में 30 करोड़ से शहर में विकास कार्य कराने के फैसले लिए गए। सबसे अहम एक महीने में शहर के बाजारों से गुजरने वाला रास्ता घंटाघर से सराय चौपटा, जैन चौक होते हुए दादरी गेट तक के मार्ग को करीब 22 लाख से जगमग करने का निर्णय हुआ। यहां एक महीने में स्ट्रीट लाइटें लग जाएंगी।
बुधवार को नगर परिषद चेयरमैन रण सिंह यादव की अध्यक्षता में नप के सभी पार्षदों की बैठक हुई। बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास कार्यों और जरूरतों पर विचार विमर्श किया गया। जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था का ठेका देने पर भी विचार किया गया। इस बारे में डीसी से मिलने का निर्णय लिया गया। अगर डीसी से अनुमति मिलती है तो टेंडर छोड़ा जाएगा अन्यथा अनुबंध आधार पर सफाई कर्मचारी रखे जाएंगे।
बैठक में 15 दिन के अंदर घंटाघर से दादरी गेट तक के बाजार वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। बैठक में 30 करोड़ के विकास कार्यों पर विचार विमर्श किया गया। शहर की आउटर एरिया में गलियां पक्की करने के सवाल पर अधिकारियों ने बताया कि अभी इस बारे नोटिफिकेशन नहीं आया है।
बैठक में सभी पार्षदों से एक बार फिर उनके वार्डों की जरूरतों की लिस्ट मांगी गई ताकि एस्टिमेट तैयार कर प्रपोजल मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा जा सके।
बैठक में पार्षद मुकेश रहेजा, सुशीला, ईश्वर मान, हर्षदीप, कविता यादव, पूजा यादव, प्रवीण कुमार, दलबीर छोटू, कविता, ज्योति तंवर, सचिन यादव, हरिराम, ज्योति कामरा, राज कुमार, बिल्लू बादशाह, नरेंद्र सर्राफ, आकाश मस्ता, मामनचंद, विजय तंवर, संदीप भारद्वाज, बलवार सिंह आदि मौजूद रहे।