भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कर्मचारियों और प्रशासन के बीच 30 दिन से चल रहा गतिरोध खत्म नहीं हो रहा। दोनों पक्ष एक बार फिर बातचीत के लिए टेबल पर बैठे, लेकिन डेढ़ घंटे की वार्ता बेनतीजा रही। दूसरी तरफ, कर्मचारियों का क्रमिक अनशन, मौन प्रदर्शन और काले बिल्ले बांध कर कर्मचारियों ने अपनी नाराजगी का इजहार किया।
शुक्रवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कर्मचारी अधिकारी तालमेल कमेटी के बैनर तले क्रमिक अनशन पर सेवानिवृत्त सहायक सचिव रामदिया शर्मा, सतबीर स्वामी, गणेश सैनी और बिजेंद्र सिंह बैठे। इसी दौरान साढ़े 11 बजे शिक्षा बोर्ड चेयरमैन और सेक्रेटरी और कर्मचारियों के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच वार्ता हुई। डेढ़ घंटे दोनों पक्षों में बातचीत हुई, लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बनी। इससे वार्ता विफल हो गई।
बाद में महासचिव अमरजीत यादव ने बताया कि बोर्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग का लाभ सचिवालय के अनुरूप देने, सभी खाली पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरने, कर्मचारियों और अधिकारियों को जारी चार्जशीट को वापस लेने, चतुर्थ श्रेणी से लिपिक के पद पर पदोन्नत कर्मचारियों को टेस्ट में छूट देने आदि मुद्दों पर बात हुई, लेकिन किसी पर भी सहमति नहीं बनी।
कर्मचारियों की ओर से प्रतिनिधिमंडल में ओमबीर नेहरा, अमरजीत यादव, जितेंद्र, विरेंद्र बाल्याण, दुलीचंद यादव, खुशीराम रंगा, सुभाष कौशिक, चंद्रेश रहेजा शामिल हुए। बाद में कर्मचारियों ने मुख्य गेट पर नारेबाजी की। महासचिव दुलीचंद यादव ने बताया कि बोर्ड प्रशासन का रवैया ढुलमुल रहा तो आने वाले दिनों में तालमेल कमेटी कठोर निर्णय लेगी। विरेंद्र बाल्याण ने कहा कि बोर्ड प्रशासन बातचीत के माध्यम से मुद्दों का समाधान नहीं कर रहा है। मौन प्रदर्शन में तालमेल कमेटी के पदाधिकारी ऋषिराम शर्मा, सुखबीर यादव, अनिल रोहिला, सुभाष कौशिक, जितेंद्र सिंह, कुलविंद्र सिंह, रामकरण, नेपाल तंवर, सतबीर स्वामी, राजेश बागनवाला, सुरेश बाल्याण, सुखजिन्द्र सिंह, गणेश सैनी आदि ने भाग लिया।