प्राइवेट स्कूल संघ ने जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के बाहर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर चेयरमैन को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए 101 सदस्यीय कमेटी भी गठित करने का निर्णय लिया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ के सदस्यों ने शहर में जुलूस निकाला। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हांसी रोड स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के मुख्य गेट के बाहर जम गए। इसके बाद बोर्ड चेयरमैन खुद ही संचालकों के पास आ गए। इसके बाद स्कूल संचालकों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने स्थाई स्कूलों पर लगाई गई दो हजार रुपये की निरंतरता फीस को वापस लेने और संबंद्धता फीस को घटाकर दो हजार रुपये करने सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता के साथ उठाया। उन्होंने कहा कि स्थाई स्कूलों पर लगाई निरंतरता फीस सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि वो जल्द ही इन मांगों को लेकर सीएम से मिलेंगे और फिर भी मांग पूरी नहीं हुई तो सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निजी स्कूल संचालक सरकार बना सकते हैं तो गिरा भी सकते हैं।
संघ के जिलाध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने कहा कि सरकार ने पहले वायदा किया था कि जब सत्ता आएगी तो वे उनकी मांगों को पूरा करेंगे। लेकिन सरकार के तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद भी उनकी मांगे ज्यों की त्यों हैं।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता उमेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं सरंक्षक तेलू राम, कैथल के जिला अध्यक्ष श्याम लाल, रोहतक के जिला प्रधान रविंद्र नांदल, प्रदेश महासचिव संदीप शास्त्री, भिवानी उप प्रधान दयानंद बाजल, जिला प्रधान हिसार ईश्वर सिंह व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।