लोहारू। सतनाली में शुक्रवार सुबह करीब 4:10 बजे गंगानगर-तिलकब्रिज ट्रेन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एंबुलेंस की मदद से सतनाली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर लोहारू जीआरपी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। लोहारू जीआरपी चौकी के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
जांच अधिकारी के अनुसार मृत्यु से पहले व्यक्ति ने चिकित्सक को अपना नाम विजय और निवासी तिहाई नगर, उत्तर प्रदेश बताया था। हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक की तलाशी लेने पर उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज या अन्य कागजात भी बरामद नहीं हुए।
पुलिस ने पहचान की पुष्टि और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए शव को लोहारू के उप नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आवश्यक जांच कर रही है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।