लोहारू। लोहारू-भिवानी सड़क मार्ग पर दादरी मोड़ के नजदीक बृहस्पतिवार दोपहर उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब ओवरलोडिड डंपर को बचाने के चक्कर में राज्य परिवहन की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर धंस गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे,जिनमें से करीब आधा दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
हरियाणा राज्य परिवहन की दिल्ली झुंझुनू एक्सप्रेस बस दिल्ली से झुंझुनू जा रही थी। लोहारू के दादरी मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ओवरलोडिड डंपर चालक ने अचानक साइड दबा दी। बचाव में जैसे ही बस के चालक ने आपात ब्रेक लगाए तो ब्रेक जाम हो गए और बस अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी तरफ जा गिरी। गनीमत यह रही कि बस किसी पेड़ या दूसरे किसी वाहन से नहीं टकराई अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। बस में सवार यात्रियों ने भगवान और रोडवेज चालक का शुक्रिया अदा किया है जिससे कि वे अनहोनी से बच सके।