भिवानी। पुराना बस स्टैंड स्थित वाल्मीकि बस्ती में हुए लक्की उर्फ विशाल हत्याकांड के चार आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने तिगड़ाना मोड़ से दबोच लिया। बुधवार को चारों को अदालत में पेश कर पुलिस ने तीन दिन का रिमांड हासिल किया।
इस वारदात में नरेश नामक युवक भी घायल हुआ था। जिसका उपचार जारी है।
सिविल लाइन थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार पुराना बस स्टैंड निवासी नरेश की राजीव चौक पर मीट की दुकान है और उसकी प्रेम दास के परिवार से पुरानी रंजिश चली आ रही है।
चार अगस्त की रात करीब 10 बजे नरेश और लक्की उर्फ विशाल बाइक से दुकान से घर लौट रहे थे। क्राउन प्लाजा के पास रबीन और उसके साथियों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया और तेजधार हथियार व ईंटों से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में दोनों को नागरिक अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया और नरेश का इलाज जारी है। पुलिस ने नरेश की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
पांच अगस्त को थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने चार आरोपियों शंकर, रवि, रविंद्र और रबीन को तिगड़ाना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।