बवानीखेड़ा में रविवार शाम चली आंधी से टूटा पेड़।
भिवानी। आंधी से एक बार फिर बिजली निगम के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली निगम के 357 खंभे गिर गए। इससे दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। निगम के कर्मचारी सोमवार को दिनभर बिजली लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। वहीं सुबह बिजली आपूर्ति हुई।
वहीं निगम को करीब 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं जिलेभर में ढाई सौ से अधिक पेड़ भी टूट गए। इससे कई रास्तों पर बाधा उत्पन्न हो गई। लेकिन वन विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार सुबह तक रास्ते साफ करा दिए।
इसी सप्ताह में दूसरी बार तेज आंधी आने की वजह से बिजली निगम को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा। रविवार को आंधी में जिलेभर में नौ और 11 मीटर लंबे बिजली के खंभे टूट कर गिर गए। निगम के ट्रांसफार्मरों को भी क्षति पहुंची। पिछली बार आंधी में भी निगम को लाखों की चपत लग गई थी और साढ़े तीन सौ से अधिक खंभे टूटे थे।
भिवानी-जींद मुख्य मार्ग, भिवानी-महम मार्ग पर भी पेड़ टूटकर गिरे। इसके अलावा निगम की बिजली लाइनों को सबसे अधिक क्षति पहुंची। निगम अधिकारियों की मानें तो कई गांवों में सोमवार शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई, जबकि खेतों की लाइनों को भी नुकसान पहुंचा है। जिन्हेें दुरुस्त करने में अभी समय लग सकता है।
एक सप्ताह मेंं दूसरी बार तेज आंधी की वजह से निगम को काफी नुकसान हुआ है। सब डिविजनों से टूटे बिजली खंभे और क्षतिग्रस्त लाइनों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी गई है। वहीं प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति को बहाल करा दिया है। निगम को करीब 25 लाख का नुकसान हुआ है। -बिजेंद्र सिंह लांबा, अधीक्षण अभियंता, भिवानी सर्कल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।