अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं की तरह दसवीं कक्षा की पहली परीक्षा में भी खूब नकल चली। परीक्षा केंद्रों के बाहर नकल कराने वालों का जमावड़ा रहा। भिवानी में तीन घंटे के दौरान पुलिस नकल कराने वालों के पीछे दौड़ती रही। वहीं, बवानीखेड़ा में हालात नहीं बदले। बीईओ कार्यालय के पास ही सरकारी स्कूल की छत, खिड़कियों पर नकल कराने वाले चढ़े-लटके नजर आए। पटौदी गांव में पंचायत ने पहरा देकर नकल कराने वालों को परीक्षा केंद्र के नजदीक नहीं आने दिया। नंदगांव में वीरवार के विवाद के बाद शुक्रवार को पंचायत चौकस नजर आई और नकल कराने वालों को हटाया। वीरवार को हुए विवाद में पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि की शिकायत पर करीब 15 के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शुक्रवार को दसवीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर था। दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू हुए पेपर के लिए परीक्षार्थी, उनके अभिभावक और नकल कराने वाले युवा सुबह 11 बजे ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। परीक्षा शुरू होते ही नकल कराने वाले युवा भी दीवारों, छतों पर नजर आने लगे। पेपर आउट कराने के अलावा पर्चियां बना परीक्षार्थियों तक पहुंचाने का सिलसिला शुरू हुआ। भिवानी में शुक्रवार को पुलिस कुछ हरकत में नजर आई। एक पीसीआर लगातार केएम राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या विद्यालय के बाहर गश्त करती रही तो दो से तीन पुलिस कर्मी परीक्षा केंद्र के बाहर तैनात होकर नकल कराने वालों को खदेड़ते रहे। हालांकि पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी परीक्षा केंद्रों पर नकल चली।
बवानीखेड़ा में नकल के चलते रद्द हो सकता है परीक्षा केंद्र
वीरवार की तरह शुक्रवार को भी बवानीखेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जमकर नकल चली। तीन घंटे तक नकल कराने वाले युवा खिड़कियों और छतों पर लटके रहे। नकल कराने वाले बाहर ही नहीं, परीक्षा केंद्र के अंदर भी पहुंच गए। यहां पहले दिन नकल कराने वालों ने खिड़की तक तोड़ डाली थी। यहां चल रही नकल को देखते हुए सभी शुक्रवार को कहते नजर आए कि यहां का सेंटर रद्द हो सकता है। बवानीखेड़ा के गर्ल्स स्कूल के बाहर भी नकल कराने वालों की भीड़ रही। यह स्कूल बीईओ कार्यालय के पास है।
पटौदी, नंदगांव में पंचायत ने संभाला जिम्मा, नहीं फटके नकल कराने वाले
पटौदी गांव के सरकारी स्कूल में बने परीक्षा केंद्र के बाहर पंचायत सदस्य और अन्य ग्रामीण कुर्सी-चारपाई बिछाकर बैठ गए और नकल कराने वालों को फटकने नहीं दिया। पंचायत के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। नंदगांव में बने करीब 14 स्कूलों के परीक्षा केंद्र पर जहां पहले दिन वीरवार को विवाद हुआ था, वहां शुक्रवार को पंचायत, गांव के मौजिज लोगों, पूर्व पंचायतियों ने जिम्मेवारी संभाली और नकल रोकी।
सरपंच प्रतिनिधि पर हमला करने वाले 15 के खिलाफ केस दर्ज
वीरवार को हुई बारहवीं की परीक्षा के दौरान नकल रोकने पर नंदगांव में सरपंच प्रतिनिधि सेवानिवृत्त फौजी श्रीभगवान पर हमले के मामले में पुलिस ने तीन नामजद समेत 15 के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बोर्ड चेयरमैन और डीसी उड़नदस्ते ने किया निरीक्षण, कोताही पर दो अध्यापक रिलीव
शुक्रवार को बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह सबसे पहले बामला गांव में बने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। यहां जांच में सभी व्यवस्थित नजर आया। जिसके बाद वे कलानौर के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। उपायुक्त के उड़नदस्ते ने लोहारू के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहित छह परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चार विद्यार्थियों के केस भी बनाए गए तथा दो अध्यापकों को ड्यूटी में कोताही बरतने पर परीक्षा ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया।