अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले में 40 से अधिक जवानों के शहीद होने की घटना के बाद जिलावासियों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को दिनभर मुख्य मार्गों पर जुलूस और प्रदर्शन ही नजर आए। पाकिस्तान और आतंकवाद के पुतले फूंके गए। युवा, कर्मचारी, ऑटो चालक, वकील हर कोई पाकिस्तान और आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगा रहा था। सभी कॉलेजों के विद्यार्थियों ने रैली निकाल शहीदों को श्रद्धांजलि दी और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि की। सुबह शुरू हुआ यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। शाम को विभिन्न संगठनों ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
ऑटो चालकों ने आतंकवाद के पुतले को पीटा और जलाया
थ्री व्हीलर तिपहिया रेहड़ी एवं फुटपाथ एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलवामा हमले के विरोध में शहर में जुलूस निकाला। ऑटो चालक अपने ऑटो सहित जुलूस में शामिल हुए और पाकिस्तान, आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी की। हांसी गेट पर पुतले को पीटा और जलाया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पाकिस्तान में पल रहे आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसोशिएशन के प्रधान रामनिवास शर्मा की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया। एसोसिएशन के प्रधान रामनिवास शर्मा ने कहा कि सेना के काफिले पर घात लगाकर हमला करना कायराना कार्रवाई है। प्रधानमंत्री को ऐसी घटना का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए।
वकीलों ने किया वर्क सस्पेंड, आर्थिक, राजनीतिक रिश्ते खत्म करने की मांग
आतंकवादी हमले के विरोध में बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को वर्क सस्पेंड कर रोष जताया। सभी अधिवक्ता इस कायराना हरकत के लिए हमलावरों को कोसते नजर आए और पाकिस्तान पर आतंकवादी संगठनों को पनाह देने का आरोप लगाते हुए उससे राजनीतिक, आर्थिक रिश्ते खत्म करने की मांग की। अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल इस मसले को लेकर एडीसी संगीता तेतरवाल से मिला और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राष्ट्रपति से पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की गई। पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि खत्म करने की भी मांग रखी गई। इस मौके पर कुलदीप शर्मा, मुकेश गुलिया, धर्मबीर, गौरव आदि मौजूद रहे।
राजीव गांधी कॉलेज की छात्राओं ने निकाला कैंडल मार्च
पुलवामा में हुए आंतकी हमले में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए राजीव गांधी महिला कॉलेज की छात्राओं ने छात्र संघ प्रधान मोनिका जांगड़ा के नेतृत्व में कैडल मार्च निकाला। मार्च कॉलेज से शुय होकर हांसी रोड होते हुए, चिडिय़ाघर मार्ग से महम गेट चौक पहुंचे। प्रधान मोनिका जांगड़ा ने कहा कि आतंकवादी पूरी मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है। छात्राओं ने दो मिनट के लिए मौन रख श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर दीपिका लडवाल, सीआर प्रीति राघव, सुप्रिया, अंजली, आरती, मनीषा, पूजा आदि छात्राएं मौजूद रही।
युवा कांग्रेसियों ने कैंडल मार्च निकाल दी श्रद्धांजलि
आतंकवादी हमले में मारे गए शहीद सैनिकों को युवा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने युवा प्रधान अभिजीत लाल सिंह के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी। युवा कांग्रेस नेहरू पार्क में एकत्रित हुए और जुलूस निकालते हुए हांसी गेट, पुराना बस स्टैंड पहुंचे और यहां से वापस नेहरू पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचे। अभिजीत लाल सिंह ने कहा कि यह अब तक सबसे बड़ा आत्मघाती हमला और इस हमले ने आतंकवाद का भयावह चेहरा दिखाया है। अब सरकार को आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए बेहतर प्लानिंग के साथ काम करना चाहिए। यह किसी पार्टी का मुद्दा नहीं है बल्कि सभी को मिलकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी।