अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सामान्य अस्पताल की ओपीडी में गर्मी मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सोमवार को भी एक युवती ओपीडी में गर्मी के कारण बेहोश हो गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अब ओपीडी में 25 कूलर लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा उमस और घुटन से मुक्ति के लिए यहां एग्जास्ट फैन लगाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 21 जुलाई को सामान्य अस्पताल की ओपीडी में बिजली गुल होने के कारण बनी उमस में एक युवती चक्कर खाकर बेहोश हो गई थी। अन्य मरीजों को भी परेशानी हुई थी। ऐसी ही स्थिति सोमवार को बनी। सोमवार सुबह अत्यधिक भीड़ होने के कारण ओपीडी में उमस के कारण मरीज परेशान हो गए। एक युवती चक्कर खाकर गिर पड़ी। इसके बाद उसे इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। ओपीडी में फिलहाल सफोकेशन की व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बनी है और महज पंखों के सहारे लोगों को गर्मी से निजात नहीं मिल पा रही। ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 1500 लोग इलाज कराने पहुंचते हैं।
अब 25 कूलर और एग्जास्ट फैन से मरीजों को राहत देने का प्रयास
स्वास्थ्य विभाग ने ओपीडी में आ रही परेशानियों को देखते हुए 25 कूलर लगाने का निर्णय लिया है। जल्द ही कूलरों की खरीद की जाएगी ताकि मरीजों को भीषण गर्मी से बचाया जा सके। इसके अलावा यहां उमस परेशानी ना बने इसके लिए एग्जास्ट फैन लगाए जाएंगे।
वर्जन:::
ओपीडी में गर्मी परेशानी है। जल्दी ही 25 कूलर खरीदकर लगवाए जाएंगे। इसके अलावा एग्जास्ट फैन लगाए जाएंगे।
-डॉ. आदित्य स्वरूप गुप्ता, सिविल सर्जन