सरसों खरीद नहीं होने पर किसानों ने पांच घंटे तक जाम किया नेशनल हाईवे
भिवानी। सरसों की खरीद बंद होने के विरोध में जिले के जूई, तोशाम व बहल के किसान सड़क पर उतर आए। जूई में किसानों ने पांच घंटे दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे (709ई) जाम रखा। इस दौरान खरीद को लेकर अधिकारियों और किसानों में तीखी बहस हुई। वहीं, बहल में किसानों ने हैफेड गोदाम को ताला जड़ दिया तो तोशाम में ढाई घंटे रोड लगाया। वहीं, सरकार के हिदायत अनुसार शुक्रवार को सरसों की खरीद नहीं होगी। लिहाजा, यह मामला और गरमा सकता है।
वीरवार सुबह 10 बजे जूई कस्बे के किसानों का जब पता लगा कि सरसों की खरीद नहीं हो रही तो नेशनल हाईवे के तोशाम मोड़ पर बैरीकेट व सूखे पेड़ डालकर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई और राहगीर गर्मी में परेशान होते रहे।
पहले जूई पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसानों ने अधिकारियों के आने तक जाम नहीं खोलने की जिद अड़े रहे। इसके बाद भिवानी से तहसीलदार रामनिवास मौके पर पहुंचे और जिला उपायुक्त को किसानों की मांगों से अवगत कराया। इसके बाद डीएम हैफेड और प्रबंधक जाम स्थल पर पहुंचे और खरीद सुचारु रूप से शुरू करने का आश्वासन दिया। इस बीच ग्रामीणों की तहसीलदार व हैफेड के डीएम के साथ तीखी नोंक-झोक हुई। लंबी जद्दोजहद के बाद किसानों ने तीन बजे इस चेतावनी के साथ जाम खोला कि जल्द सरसों खरीद शुरू नहीं हुई तो दोबारा रास्ता बंद कर दिया जाएगा।
--
जूई में सरसों की खरीद तकनीकी कारणों से बंद कर दी गई थी। जाम स्थल पर हैफेड के अधिकारियों को भी बुलाया गया था। उन्होंने सरसों की खरीद दोबारा शुरू करवा दी है। किसानों की सरसों खरीदी जाएगी।
- रामनिवास, तहसीलदार
आज से नहीं होगी सरसों की खरीद
सरकार की हिदायत के अनुसार सरसों खरीद का वीरवार को अंतिम दिन था। यानि शुक्रवार से मंडियों में सरसों की खरीद नहीं होगा। वीरवार को किसानों के तेवर को देखते हुए शुक्रवार को यह मामला और तूल पकड़ सकता है। हैफेड के एडिशनल डीएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वीरवार तक सरसों की खरीद के सरकारी आदेश हैं। यदि शुक्रवार को कोई नया आदेश आ जाए तो कह नहीं सकते, लेकिन फिलहाल कल कोई खरीद नहीं होगी।
--
मंडी खरीदी गई सरसों
भिवानी मंडी 10 हजार मीट्रिक टन
तोशाम मंडी 6400 मीट्रिक टन