भिवानी। पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग के उपमंडलाधिकारी डॉ. राजेश जाखड़ ने वीरवार को महम रोड स्थित गोशाला ट्रस्ट में पशुपालन विभाग की ओर से किए जा रहे मुंहखुर-गलघोटू टीकाकरण का निरीक्षण किया और दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मुंहखुर-गलघोटू टीके के तापमान की जांच की व कोल्ड चैन का जायजा लिया। जाखड़ ने बताया कि भिवानी जिला में 2 लाख 83 हजार गाय व भैंसों को मुंहखुर-गलघोटू टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। यह टीकाकरण का अभियान 23 अक्तूबर से शुरू होकर 23 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम पशु चिकित्सक की देखरेख में घर-घर जाकर टीकाकरण का कार्य कर रही है। विभाग ने अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर टीकाकरण के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हुई हैं। उपमंडलाधिकारी व उपनिदेशक भी समय-समय पर टीकाकरण की जांच कर रहे है। पंचकूला मुख्यालय से भी टीमें निगरानी कर रही हैं। टीकाकरण के बाद टीमें भारत पशुधन एप पर इस टीकाकरण को ऑनलाइन कर रही है।
पशु चिकित्सक डॉ. विजय सनसनवाल ने बताया कि गलघोटू एक जानलेवा बीमारी है और मुंहखुर से पशु बहुत परेशान होता है और किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा प्रदेश है जहां मुंहखुर-गलघोटू की संयुक्त वैक्सीन प्रयोग हो रही है।