सर्दियों के मौसम में शहर की 25 से अधिक कॉलोनियों के लोग गंभीर पेयजल संकट से घिर चुके हैं। पिछले रविवार से ही शहर में एक दिन छोड़कर पानी की राशनिंग चल रही है। ऐसे में टेल पर लगने वाली कॉलोनियों में पीने के पानी को लेकर हाहाकार मचा है। गंभीर स्थिति तो यह है कि टैंकों में पानी की आपूर्ति न होने से शहरी बूस्टर भी सूखने की कगार पर हैं।
शहर के डीसी कॉलोनी बूस्टिंग स्टेशन से पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति अनियमित हो रही है। इस वजह से डीसी कॉलोनी व आसपास के क्षेत्र के दस हजार लोग पीने के पानी को तरस गए हैं। इसी तरह शहर की कई ऐसी कॉलोनियां हैं, जहां कई घरों तक पीने का पानी ही नहीं पहुंच रहा है। पूरे शहर में करीब 50 हजार लोगों की आबादी पर जल संकट गहरा गया है।
भिवानी के महम रोड स्थित पुराने जलघर के वाटर टैंक सूखने की कगार पर हैं, जहां पर पानी की आपूर्ति राशनिंग के बावजूद कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से डाबर और निनान वाटर वर्क्स से आपूर्ति को बहाल रखने के लिए काम चलाया जा रहा है। नहरों में पानी आने में अभी एक सप्ताह बाकी है। ऐसे में एक दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति में एक सप्ताह तक काम चलाना पब्लिक हेल्थ अधिकारियों के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है।
पीने को पानी नहीं, ठप पड़े हैं इलाके के सीवर, फूटा गुस्सा
डीसी कॉलोनी क्षेत्र के लोगों पिछले 15 दिनों से ठप सीवर व्यवस्था का दंश झेल रहे हैं वहीं एक सप्ताह भर से पीने का पानी भी नहीं है। क्षेत्रवासी महिला शकुुुंतला, उषा शर्मा, संतरा, ललिता, मंजु, सरोज, कुंती ने बताया कि कॉलोनी के सीवर ठप पड़े हैं, वहीं पीने का पानी भी नहीं है। वार्ड पार्षद से लेकर पब्लिक हेल्थ अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। बुधवार को क्षेत्रवासियों ने पब्लिक हेल्थ के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
इन कॉलोनियों में गहराया जल संकट
शहर के डीसी कॉलोनी, विद्यानगर, राजीव कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, पुराना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सरकुलर रोड के अंदर की कॉलोनियां, नया बाजार, सराय चौपटा, बिचला बाजार, जैन चौक क्षेत्र तक के क्षेत्र में पानी को लेकर संकट बना हुआ है।
ये बोले लोग:
घर के आगे सीवर का मेनहोल बना है, जो ओवरफ्लो कर रहा हैं, मैं खुद कई बार फोन पर पब्लिक हेल्थ कर्मचारियों को सीवर खुलवाने के लिए बोल चुका हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।
-सुरेश शर्मा, डीसी कॉलोनीवासी।
सीवर मेनहोल ओवरफ्लो होने से हमारा घर से निकलना भी दूभर हो गया है, बच्चे भी घर के आगे नहीं खेल सकते, दिनभर गंदे पानी से बदबू आती हैं।
-छत्तर सिंह, डीसी कॉलोनी वासी।
दस दिन से पीने का पानी नहीं हैं। दूर दराज से पानी लाते हैं, तब जाकर घर का चूल्हा जलता है। पानी की किल्लत से दिनचर्या के काम प्रभावित हो रहे हैं।
- सुमित्रा देवी, डीसी कॉलोनीवासी।
पानी की बूंद बूंद को तरस गए हैं। बूस्टर पर गए तो पता चला कि यहां भी पानी नहीं है। पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए टैंकर के मोहताज हो गए हैं।
-कैलाशो देवी डीसी कॉलोनी क्षेत्रवासी।
वर्जन-
डीसी कॉलोनी का बूस्टर 2009 में बना था। इस बूस्टर को पानी की आपूर्ति महम रोड के जलघर से होती है। बूस्टर को भरने को तीन ट्यूबवेल भी लगाए गए हैं। मगर फिर भी बूस्टर खाली पड़ा है। इस लेकर अधिकारियों से बात हुई, लेकिन आपूर्ति नियमित नहीं हुई। डीसी कॉलोनी में सीवर ठप पड़े हैं। इसे लेकर भी जेई से फोन पर कई बार बात हुई है।
बलवान सिंह, पार्षद, वार्ड नंबर 31
डीसी कॉलोनी में सीवर ठप होने का मामला मेरे संज्ञान में आया है, जल्द ही कर्मचारी भेजकर मौके पर पता लगाया जाएगा और समाधान कराया जाएगा।
-विनित कुमार कनिष्ठ अभियंता सीवरेज शाखा, पब्लिक हेल्थ विभाग।
16 को नहरों में पानी आएगा। फिलहाल एक दिन छोड़ एक दिन पानी की राशनिंग चल रही है, अगर समय पर नहरी पानी नहीं मिला तो हालात और बिगड़ जाएंगे।
-प्रवीण जांगड़ा, एसडीओ शहरी पेयजल शाखा पब्लिक हेल्थ विभाग।