भिवानी। बवानी खेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भुरटाना में सरकारी स्कूल का लोहे का गेट गिरने से चौथी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर थाना बवानी खेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक छात्रा के पिता ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर छात्र के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। गांव भुरटाना निवासी महेंद्र ने थाना बवानी खेड़ा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके नौ वर्षीय छोटा बेटा रोहित गांव के सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता था। बुधवार को स्कूल का मुख्य गेट टूटकर रोहित पर गिर गया। परिजन और स्कूल स्टाफ उसे तोशाम नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर थाना बवानी खेड़ा प्रभारी दिलबाग सिंह मौके पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
गेट ठीक करवा लेते तो जिंदा होता मेरा बेटा
छात्र रोहित के पिता ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। आज वह खेत में मजदूरी के लिए गया था, उसे सूचना मिली कि रोहित पर गेट गिर गया और वह घायल है। स्कूल पहुंचकर उसे अस्पताल लेकर आया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। महेंद्र ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल का गेट पहले से टूटा हुआ था। समय रहते स्कूल प्रशासन गेट ठीक करवा लेता तो आज उसका बेटा जिंदा होता।
भुरटना में सरकारी स्कूल का गेट गिरने से चौथी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। मृतक के पिता महेंद्र की शिकायत पर स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दिलबाग सिंह, थाना प्रभारी बवानी खेड़ा।
वर्जन:
भुरटाना में स्कूल का गेट गिरने से छात्र रोहित की मौत हुई है। गेट की वेल्डिंग पहले से ही टूटी बताई जा रही है। मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सदानंद वत्स, डीईईओ।