-
भिवानी। छात्र संघ चुनाव में नामांकन के दिन इनसो, एसएफआई आदि विभिन्न संगठनों ने अप्रत्यक्ष चुनाव का विरोध किया और चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी के गेट पर हंगामा किया। डीएसपी के पहुंचते ही पुलिस ने हलका बल प्रयोग करते हुए विरोध कर रहे छात्रों पर लाठियां भांजी और छात्रों को करीब छह सौ मीटर तक खदेड़ा। वहीं यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया भी चली और कक्षा प्रतिनिधि (क्लास रिप्रेजेंटेटिव) के लिए 438 ने आवेदन किया।
प्रत्यक्ष चुनाव की मांग को लेकर इनसो, एनएसयूआई, एसएफआई, डास्फी से जुड़े छात्र विरोध कर रहे हैं। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। विरोध करने वाले संगठनों ने नामांकन प्रक्रिया नहीं होने देने की चेतावनी दी थी। धारा 144 के बावजूद विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े छात्र चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी के गेट पर सुबह एकत्रित हुए और धरना दिया। करीब तीन घंटे रोष सभा करने के बाद सभी ने जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोका और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने मुख्य गेट को बंद कर दिया जिस कारण छात्र मुख्य गेट पर ही खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। करीब एक घंटे तक छात्रों ने मुख्य गेट को बंद रखा और वाइस चांसलर को ज्ञापन सौंपने की बात कही। सीबीएलयू के वाइस चांसलर प्रो. आरके मित्तल ज्ञापन लेने आए तो छात्रों ने ज्ञापन देने की बजाए उनके समक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगे। करीब 15 मिनट तक वे वहां रहे। आखिरकार बिना ज्ञापन लिए ही लौट गए। प्रदर्शन की इनसो की तरफ से जिला चेयरमैन मंदीप सुई, जिला अध्यक्ष सेठी धनाना, मंदीप घनघस व सचिन जताई ने अगुवाई की। वहीं एनएसयूआई की तरफ से सोनू भट्टी, राकेश शर्मा, विवेक बुला, सोनू बामला, एसएफआई की तरफ से क्रांति, अर्जुन, राहुल, दीपक व डास्फी की तरफ से वनदीप, छात्र नेता सोनू भट्ठी ने अगुवाई की।
बहल, जीडीसी कॉलेज में इनसो समेत दूसरे संगठनों ने प्रत्यक्ष चुनाव की मांग को लेकर जमकर बवाल काटा। मेन गेट को बंद कर कॉलेज के बाहर धरना दिया। विरोध के चलते पुलिस बुलानी पड़ी। बाद में छात्रों ने प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपा।
डीएसपी के आते ही हरकत में आई पुलिस, बल प्रयोग कर छात्रों को खदेड़ा
करीब एक घंटे से गेट को घेरे खड़े छात्रों पर डीएसपी जगत सिंह मोर के आते ही पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठियां भांजते हुए खदेड़ा। पुलिस के इस तरह बल प्रयोग करने से हड़कंप मच गया। छात्रों ने बचाव में सेक्टर तक दौड़ लगाई। डीएसपी जगत सिंह मोर, एसएचओ इंस्पेक्टर विक्रम, एसएचओ अजीत सिंह, इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने भी पुलिस कर्मियों साथ दौड़ लगाते हुए छात्रों को खदेड़ा। यूनिवर्सिटी गेट से छात्रों को भीम स्टेडियम के पिछले गेट तक करीब 600 मीटर तक खदेड़ा गया।
65 कक्षाओं में एक-एक आवेदन, 17 कक्षाओं में नहीं आया एक भी आवेदन
कॉलेज में सीआर के लिए आवेदन प्रक्रिया सुबह नौ बजे शुरू हुई। छात्रों की बजाय छात्राओं में चुनाव के प्रति ज्यादा उत्साह दिखा। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जमा हुए आवेदन पत्रों में 70 फीसदी तक छात्राओं के हैं। विभिन्न कॉलेजों की विभिन्न 65 कक्षाओं में तो एक-एक ही आवेदन आया। ऐसे में उनका सीआर बनना तय है। इसके अलावा विभिन्न कॉलेजों की 17 कक्षाओं में सीआर के लिए किसी ने आवेदन ही नहीं किया। चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी में 38 में से 20 कक्षाओं के लिए तो एक-एक ही आवेदन आए जबकि चार कक्षाओं में कोई आवेदन नहीं आया। गवर्नमेंट कॉलेज में 12 कक्षाओं में एक-एक आवेदन रहे जबकि तीन कक्षाओं में किसी ने आवेदन नहीं किया। राजीव गांधी महिला महाविद्यालय में भी छह कक्षाओं में एक-एक आवेदन रहे। आदर्श महिला महाविद्यालय में 16 कक्षाओं में एक-एक आवेदन आए जबकि एक कक्षा में कोई आवेदन नहीं आया। वैश्य कॉलेज में 11 कक्षाओं में एक-एक नोमिनेशन रहे जबकि नौ कक्षाओं में सीआर के लिए कोई नोमिनेशन जमा नहीं हुआ। जिले के खंडों में बने विभिन्न कॉलेजों करीब छह कक्षाओं में एक-एक ही आवेदन रहे।
ये रही आवेदन की स्थिति
कॉलेज कक्षाएं आवेदन
चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी 38 54
गवर्नमेंट कॉलेज 32 70
राजीव गांधी महिला कॉलेज 17 37
वैश्य कॉलेज 36 60
आदर्श महिला कॉलेज 30 46
तोशाम
बंसीलाल राजकीय महिला महाविद्यालय 30
बनवारी लाल जिंदल सूईवाला महाविद्यालय 26
बहल
जीडीसी मेमोरियल कॉलेज 51
महिला कॉलेज 11
लोहारू
चौ. बंसीलाल कॉलेज 53