समय से गेहूं और सरसों की खरीद नहीं होने पर किसानों ने किया प्रदर्शन
तोशाम। अनाज मंडी में सरसों और गेहूं खरीद में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय किसान सभा ने बुधवार को जमकर बवाल काटा। किसान सभा के लोगों ने मंडी के चबूतरे पर धरना देकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की बीडीपीओ कार्यालय का घेराव किया। इसके बाद उपमंडल कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के रीडर को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष मास्टर शेरसिंह, ब्लॉक प्रधान कर्ण सिंह जैनावास, किसान नेता रघवीर भेरा आदि ने आरोप लगाया कि अनाज मंडी में किसान त्रस्त है और अधिकारी मस्त हैं। गेंहू व सरसों की खरीद में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। किसान नेताओं ने कहा कि काफी मांग उठाने के बाद एक कमेटी का गठन किया गया। बीडीपीओ तोशाम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया गया। फैसले के मुताबिक सुबह सात से शाम सात बजे तक खरीद कार्य होना था। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट एक दिन भी अपनी ड्यूटी निभाने किसानों की सुध लेने नहीं आए। फैसले के बावजूद 12 बजे से पहले खरीद कभी शुरू नहीं की गई और शाम को पांच बजे ही खरीद कार्य बंद कर दिया गया। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों का जमकर शोषण किया जा रहा है। इसके बाद किसान सभा के पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट बीडीपीओ का घेराव करने पंहुचे। बीडीपीओ नहीं मिलने की स्थिति में किसानों ने एसडीएम के रीडर को किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का संचालन इंद्र सिंह कादयान व राजेंद्र ठाकरान ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ उपप्रधान प्रेम शर्मा, मांगेराम, कृष्ण कुमार, घीसाराम, बलवान, राजबीर आदि किसान उपस्थित थे।