खरकड़ी झांवरी परीक्षा केंद्र पर जमावड़ा, सेंटर शिफ्ट
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
हरियायाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में बाहरी हस्तक्षेप थमने का नाम नहीं ले रहा है। खरकड़ी झांवरी गांव के परीक्षा केंद्र के बाहर लोगों का जमावड़ा होने के बाद बोर्ड चेयरमैन उड़नदस्ते ने केंद्र को शिफ्ट कर दिया। अब इस गांव के परीक्षार्थी भिवानी मुख्यालय पर परीक्षा देंगे। शुक्रवार को बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह के उड़नदस्ते द्वारा जिला भिवानी के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तथा नकल के छह केस बनाए। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष उड़नदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र रावमावि खरकड़ी झांवरी-01 (बी-01) व 02 (बी-02) पर भारी जमावड़ा पाए जाने के कारण 19 मार्च से आगामी परीक्षा के लिए भिवानी मुख्यालय पर शिफ्ट कर दिया गया।
--
पुर में सामूहिक नकल के मामले में जांच के आदेश
परीक्षा केंद्र राकवमावि पुर-02 में सामूहिक नकल का मामला पाए जाने के कारण जांच के आदेश दिए गए तथा सुपरवाइजर मधु, जेबीटी, आदर्श वमावि जमालपुर को ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया।
उन्होंने बताया कि इसी परीक्षा केंद्र में कार्यरत ज्योति, सीवी राकउवि, बड़सी, दीपिका, पवन कुमार व नरेंद्र कुमार, जेबीटी राकप्रापा पुर, हरिओम, जेबीटी राप्रापा सिवाड़ा को कार्यभार मुक्त किया है, क्योंकि यह उन्हीं गांव के अध्यापक हैं जहां के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष उडनदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र रावमावि तोशाम-04 (बी-1) में कार्यरत सुपरवाइजर देवेन्द्र सिंह, प्रवक्ता और रीटा, प्रवक्ता, रावमावि तोशाम ने ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने के कारण रिलीव कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स नंबर दो के उडनदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र रावमावि दुल्हेड़ा में तैनात सुपरवाइजर राजेश, जेबीटी, राप्रापा नीघोटबिन्जा तथा केंद्र अधीक्षक, रावमावि खरक कलां-03 द्वारा तैनात सुपरवाइजर राजेश कुमार, जेबीटी, राप्रापा खरक खुर्द को ड्यूटि में लापरवाही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया।