अस्थायी संबद्धता के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने डीएड संस्थाओं को अस्थायी संबद्धता के लिए आवेदन की तारीख बढ़ा दी है। शैक्षणिक वर्ष सत्र 2017-18 के लिए अस्थायी संबद्धता के लिए आवेदन-पत्र एवं शुल्क प्राप्ति की तिथि बिना विलंब शुल्क एक दिसंबर तय की गई है। 5000 रुपये विलंब शुल्क देकर आठ दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है।
शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि अस्थायी संबद्धता निरंतरता शुल्क 50,000 रुपये है। संबद्धता आवेदन पत्र का प्रोफॉर्मा बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड करके पूर्ण रूप से भरकर एनसीटीई जयपुर से डीएड कोर्स चलाने की मान्यता/अनुमति के आदेशों की प्रति एवं नई समिति पंजीकरण की प्रति जोकि संस्थान के प्राचार्य से प्रमाणित की गई हों और स्टाफ स्टेटमेंट संलग्न करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि संबद्धता शुल्क केवल बैंक ड्राफ्ट के रूप में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के पदनाम से स्वीकार किया जाएगा। एचडीएफसी बैंक में जमा कराया गया शुल्क मान्य नहीं होगा। आवेदन पत्र एवं शुल्क पंजीकृत डाक के माध्यम से सहायक सचिव (संबद्धता), हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पदनाम से या बोर्ड मुख्यालय भिवानी में शुल्क एवं आवेदन पत्र दस्ती तौर पर जमा करवाए जा सकते हैं। निर्धारित शुल्क से कम शुल्क एवं अपूर्ण आवेदन पत्र मान्य नहीं होगा।