बापोड़ा गांव के नजदीक व्यापारी का अपहरण कर छह-सात युवक दो लाख तीन हजार रुपये की नगदी व करीब 24 हजार के मणिये लूट ले गए। व्यापारी का बापोड़ा के नजदीक से अपहरण करने के बाद बवानीखेड़ा के नजदीक छोड़ा गया। सूचना पर सदर थाना पुलिस, तोशाम थाना व सीआईए पुलिस ने क्षेत्र में लुटेरों को पकड़ने के लिए प्रयास किए, पर लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला बुधवार रात करीब साढे़ आठ बजे का है। झज्जर वासी जयबीर, किशोर कुमार, मनोज व दलजीत अपनी रिट्ज गाड़ी से तोशाम में एक व्यक्ति से रुपये लेने गए थे। वहां उन्होंने नरेश नामक व्यक्ति के पास मणिये खरीदे। रुपये लेने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे तो बापोड़ा व बीरण गांव के बीच कार में सवार सात-आठ युवकों ने उनकी गाड़ी रूकवा ली। कुछ युवक जबरन व्यापारी की गाड़ी में सवार हो गए। हथियार दिखाते हुए उनकी गाड़ी को बवानीखेड़ा की ओर ले गए।
जहां उनसे दो लाख तीन हजार की नगदी व करीब 24 हजार के मणिये लूट लिये। व्यापारी व उसके साथियों को बवानीखेड़ा के नजदीक छोड़ लुटेरे फरार हो गए। जयबीर व किशोर कुमार ने इसकी शिकायत कंट्रोल रूम में दी। जिसके बाद हरकत में आई सदर थाना पुलिस, तोशाम थाना पुलिस व सीआईए पुलिस टीम ने घटना वाले मार्गों पर लुटेरों को पकड़ने के लिए प्रयास किए, मगर कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित जयबीर, किशोर कुमार ने बताया कि उन्होंने तोशाम वासी नरेश से 24 हजार के मणिये खरीदे थे। वे यहां किसी के रुपये देने आए थे और वापस लौट रहे थे। वापसी में यह घटना हुई।
थाना की सीमाओं के बीच फंसा पेंच
व्यापारी का अपहरण बापोड़ा व बीरण गांव के बीच हुआ। बीरण गांव तोशाम थाना में पड़ता है और बापोड़ा गांव सदर थाना में। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तोशाम थाना क्षेत्र का मामला समझकर वापस लौटने लगी। उधर से तोशाम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में मामले सदर थाना क्षेत्र का बताया गया। जिसके बाद एसएचओ एसआई सुनीता शिकायकर्ताओं को सदर थाना लेकर आई। देर रात तक मामले की जांच की जा रही थी।