अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
अपनो से बिछुड़े बच्चों को उनके घर वालों तक पहुंचाने के लिए जिला पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। अभियान पहले की तरह ही मुस्कान नाम से चलेगा। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीमें लावारिस बच्चों को उनके परिजनों तक पहुंचाएंगी।
पुलिस अधिकारियों की बुधवार को हुई बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने ऑपरेशन मुस्कान के लिए विशेष टीमें गठित कीं। टीमों के नेतृत्व की जिम्मेदारी डीएसपी हेड क्वार्टर चंद्रपाल बिश्नोई को दी गई। जिलेभर में थाना स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। टीम के सदस्य लावारिस बच्चों और बिछुड़े बच्चों की तलाश कर उन्हें उनके परिजनों से मिलवाएगी। इन विशेष टीमों में महिला पुलिस कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।
ऑपरेशन मुस्कान के नोडल अधिकारी डीएसपी चंद्रपाल ने बताया कि हरियाणा के पुलिस महानिदेशक बलजीत सिंह संधू के आदेश और रोहतक मंडल के आईजी नवदीप सिंह विर्क के निर्देश के अनुसार पुलिस अधीक्षक भिवानी ने आदेश दिए हैं। इसके तहत जिला पुलिस ऑपरेशन मुस्कान की कामयाबी के लिए गंभीर है। जिले में थाना स्तर पर विशेष टीमें इसके लिए गठित की गई हैं। ये टीम मिसिंग चाइल्ड को तलाश कर उन्हें उनके अपनों से मिलवाएंगी। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान की कामयाबी के लिए संबंधित टीम को निर्देश दे दिए गए हैं।
पिछले सप्ताह चार से पांच बच्चे हुए लापता
जिले में पिछले सप्ताह में चार से पांच बच्चे लापता हुए हैं। इसकी उम्र 10 से 16 वर्ष है। ये सभी लड़के हैं। इनके अलावा करीब तीन किशोरियां भी लापता हुई है। पुलिस मुकदमे दर्ज कर तलाश में जुटी है। परिजन भी हर जगह तलाश कर रहे है।