भिवानी। जिले के चार व्यक्तियों से धोखाधड़ी करके जालसाजों ने खाते से करीब साढ़े 17 लाख रुपये उड़ा दिए। यह फ्रॉड किसी के साथ वर्क फ्राॅम होम के नाम पर लिंक भेजकर तो किसी के साथ सोशल मीडिया पर टास्क कंपलीट करने के नाम पर किया गया है।
इस संबंध में पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत दी। साइबर क्राइम पुलिस थाना में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस को दी शिकायत में सिवानी मंडी वार्ड-7 निवासी सोनू ने बताया कि वह प्रिंटिंग का काम करता है। उसके पास व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें उसको यूट्यूब पर वीडियो लाइक करने का टास्क दिया गया। उसे एक टेलीग्राम चैनल से जोड़कर गत तीन मई को विभिन्न यूपीआई ट्रांजेक्शन से 178000 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
वहीं, न्यू कांठ मंडी निवासी महिला ममता ने बताया कि उसके पास वर्क फ्राॅम होम का व्हाट्सएप पर मैसेज आया। उसे टास्क देकर एक टेलीग्राम चैनल से जोड़ा गया। इसके बाद धोखाधड़ी करके उसके खाते से तीन और चार जून को यूपीआई और आईएमपीएस के माध्यम से एक लाख 900 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इसी प्रकार दादरी गेट निवासी जयसिंह ने बताया कि वह नागरिक अस्पताल भिवानी से चीफ फार्मेसी ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं। उसके पास बैंक का एक लाख रुपये कटने का मैसेज आया। जब वह बैंक में गया तो उसे पता चला कि उसके बेटे अखिलेश के खाता से भी किसी ने रुपयों की ट्रांजेक्शन की है। जयसिंह ने बताया कि उसके व उसके बेटे के खाता से अज्ञात ने 314988 रुपये धोखाधड़ी करके निकाल लिए। एक अन्य शिकायत में गांव ढाणी लक्ष्मण पुरा निवासी विजय ने बताया कि उसके बैंक खाते से अज्ञात ने 1157000 रुपये का फ्रॉड किया है। यह फ्रॉड गत 11 से 13 मई की तारीख तक किया गया है। इन सभी मामलों में साइबर क्राइम पुलिस थाना में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों का पता करने में जुटी है।