अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू। राष्ट्रीय राजमार्ग 709ई पर ढाणी टोडा के पास ऐ स्विफ्ट कार और डंपर की भीषण टक्कर में कार चालक अतिथि अध्यापक की मौत हो गई। कार को कटर से काटकर शिक्षक के शव को शव को बाहर निकाला गया। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। गरवां के सरकारी स्कूल में अतिथि अध्यापक बिदवान गांव वासी ईश्वर सिंह (46) सिंह कार में सवार होकर लोहारू से बिदवान जा रहे थे। जब वे ढाणी टोड़ा के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने कार को टक्कर मारी। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। शिक्षक ईश्वर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस एवं स्थानीय पुलिस ने परिजनों व अन्य की मदद और कटर मशीन से कार को काटकर शिक्षक को बाहर निकाला।
मृतक शिक्षक के भतीजे सचिन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह किसी कार्य से लोहारू आया हुआ था। यहां उसे चाचा ईश्वर सिंह मिल गए। इसके बाद वे गांव के लिए चल पड़े। कार आगे-आगे चल रही थी और वह बाइक पर पीछे था। ढाणी टोड़ा के पास तेज रफ्तार डंपर ने चाचा की कार को टक्कर मारी जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहारू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। मामले में जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक शिक्षक के भतीजे सचिन की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।