अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
खराब मौसम के मद्देनजर अगले 72 घंटे सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा सहित उत्तर भारत के अन्य राज्यों में अगले 72 घंटे तक तूफान, बरसात, ओलावृष्टि से मौसम काफी खराब होने का अंदेशा जताया है। खराब मौसम के मद्देनजर अगले दो दिन यानी कि सोमवार और मंगलवार को सरकारी व प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे।
रविवार देर शाम जिला प्रशासन ने खराब मौसम से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की। जिला उपायुक्त अंशज सिंह ने जिला के लोगों से आगामी 9 मई तक मौसम की खराबी के चलते सावधानी बरतने की सलाह दी है।
उपायुक्त ने कहा है कि लोगों को अगले तीन दिन तक सावधानी बरतने की जरूरत है। रेडियो व टीवी चैनलों से जुडे़ रहें और तूफान जैसे पूर्वानुमानों से अपडेट रहें। तलाब, झील और छोटी कश्तियों इत्यादि से बाहर रहें। उपायुक्त ने कहा है कि नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। मौसम विभाग की सूचना की जानकारी तीन चार घंटे पहले मिलती है। अफवाहों से बचें, यह जनहित में जारी किया गया है।
उधर, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि मौसम के मद्देनजर सात और आठ तारीख को सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में अवकाश रहेगा।
इन पर करें अमल
- सावधानी के तौर पर सभी को अपने घर में सुरक्षा की किट तैयार कर लेनी चाहिए।
- नुकीली चीजों को बाहर न छोडे़ं।
- आपात स्थिति में पेड़ों से दूरी बनाए रखें
- सोने से पहले आग के चूल्हे, भट्ठी और आस-पास लगी हुई आग को बुझा दें।
- घर की छत्तों पर भारी सामान और तेज हवाओं से उड़ कर नुकसान पहुंचाने वाले सामान को ना रखें।
- दीवारों पर रखे गमलों को हटा दें।
- घर में टार्च वगैरह की व्यवस्था रखे और सोने से पहले इलेक्ट्रानिक सामान का प्लग हटा दें।
- बिजली की लाइनों और खंभों से दूर रहे।
- वृक्षों, खंभों और बिजली की तारों के गिरने की सूचना नजदीकी मुख्यालय में दें।