खेल महाकुंभ : पहले दिन खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
भिवानी। हरियाणा स्वर्ण जयंती उपलक्ष्य में भीम स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय खेल महाकुंभ का मंगलवार को आगाज हुआ। पहले दिन खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग द्वारा आयोजित खेल महाकुंभ में विभिन्न खेलों की 24 टीमों के सैंकड़ों खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन भीम स्टेडियम में आर्चरी, बैडमिंटन, जिमनास्टिक, टेबल-टेनिस, लॉन-टेनिस, तैराकी, हैंडबॉल, कबड्डी नेशनल, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स लड़के की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
महाकुंभ जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद पांच से 26 अक्टूबर तक विभिन्न जिलों में 25 खेल प्रतियोगिताओं को आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले खिलाड़ियों 5000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3000 रुपये एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2000 रुपये इनाम के तौर पर दिया जाएगा। इस खेल महाकुंभ में 14 वर्ष, 17 वर्ष ओपन केटेगरी, 40 आयु वर्ग तथा 60 आयु वर्ग के सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि महाकुंभ तीन अक्टूबर तक चलेगा। प्रतियोगिता में जिला की लगभग 24 टीमों ने भाग लिया।