भिवानी। नशे के खिलाफ जिला पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान के अब धरातल पर सार्थक परिणाम भी सामने आने लगे हैं। जिले के 159 गांवों को जिला पुलिस की ओर से से नशा मुक्त घोषित किया गया है। जिनमें ग्राम पंचायतों के साथ गांव के मौजिज लोगों की अहम भूमिका रही है। यहां के युवा नशे से तौबा कर अपनी सकारात्मक ऊर्जा को खेलों की ओर लगा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी व प्रबंधक थाना अपने थाने के क्षेत्र में लगने वाले गांवों व वार्डों में जाकर जागरूकता अभियान का आयोजन कर आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार पूर्वक बताकर गांव व वार्ड को नशा मुक्त घोषित करने का अभियान लगातार जारी है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान के सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं।
नशा मुक्त जिला बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने गांव-गांव जाकर अभियान चलाया जिसके तहत ये मेहनत रंग लाई और जिले के 159 गांव नशा मुक्त हो गए हैं। जिला भिवानी के वार्डों व पंचायत ने इसे जन अभियान बनाते हुए अपने गांव को न केवल नशामुक्त किया बल्कि अपने गांव के बाहर इस बारे में बोर्ड भी लगाकर घोषित किया कि हमारा गांव नशामुक्त है। इन ग्रामीणों द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि वहां का कोई भी युवा नशे का शिकार ना हो और गांव में कहीं पर भी नशा ना ही खरीदा जाता हो और न ही बेचा जाता हो।
ग्रामीणों का कहना है कि नशा मुक्त अभियान एक अच्छी पहल है। अभियान से प्रेरणा लेकर युवा खेलों की ओर बढ़ रहे हैं। खेलों के कारण युवाओं का सामाजिक और शारीरिक विकास होगा। पुलिस प्रशासन के प्रयास से हरियाणा में जिला को नशा मुक्ति को लेकर एक प्रेरणादायक जिला बन गया है।
जिला भिवानी में कुल 303 गांव हैं, जिनमें 153 ग्राम प्रहरी व 153 सहायक प्रहरी नियुक्त है। नशे से ग्रस्त व्यक्तियों की जिला पुलिस द्वारा काउसिलिंग करवाई गई और नागरिक अस्पताल में इलाज करवाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि आज समाज में बढ़ता ड्रग्स का प्रचलन एक बड़ी समस्या है व समय रहते इस बुराई पर अंकुश लगाना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हम निष्ठा से प्रयास करेंगे तो परिणाम अवश्य मिलेंगे। समाज को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करे, सशक्त एवं जागरूक समाज में कोई बुराई नहीं पनपती। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी अति आवश्यक हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक इस बुराई के खिलाफ पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के परिणाम स्वरूप 2023 के मुकाबले 2024 में नशा बेचने के मामलों में कमी आई है। जिला पुलिस की ओर से 2024 में मादक पदार्थ रखने व बेचने वालों आरोपियों के विरुद्ध 58 केस दर्ज कर 110 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जिलावासियों से नशा मुक्त बनाने में जिला पुलिस को पूर्ण सहयोग देने की अपील की जा रही है वहीं उनके क्षेत्र में बिकने वाले नशे के बारे में जानकारी तुरंत डायल 112 व निकटवर्ती थाना या चौकी में देने का भी आह्वान किया गया है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गोपनीय रखा जाएगा।
- नीतीश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।