भिवानी। चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी व भिवानी जिलों के युवाओं की खुली भर्ती के लिए वेबसाइट पर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चार जुलाई तक चलेगी। पंजीकरण के दौरान उम्मीदवार का आधार नंबर दर्ज होना अनिवार्य है।
चरखी दादरी सेना भर्ती कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार भर्ती में भाग लेने वाले नवयुवकों को अपने साथ मैट्रिक/12वीं का मूल प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र तथा एनसीसी धारक मूल प्रमाण-पत्र अपने साथ लेकर आए। सैनिक, भूतपूर्व सैनिक, युद्ध वीरांगनाओं के पुत्र को अपने साथ संबंध प्रमाण-पत्र की मूलप्रति, खेल विभाग से जारी किया गया खेलकूद प्रमाण-पत्र जो दो वर्ष से अधिक पुराना न हो, 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और 21 वर्ष से कम आयु के अविवाहित उम्मीदवार को अपने साथ अभिभावक एवं सरपंच द्वारा हस्ताक्षर किया गया प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा। रेवाड़ी स्थित राव तुला राम स्टेडियम मेें 20 से 30 जुलाई तक चरखी दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी व भिवानी जिलों के युवाओं की खुली भर्ती की जाएगी। यह खुली भर्ती सैनिक जनरल ड्यूटी व सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर श्रेणियों के लिए होगी।