भिवानी। सोमवार शाम को हुई गरज के साथ तेज बारिश में आसमानी बिजली ने निगम के बिजली उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। शहर में चार जगह बिजली ट्रांसफार्मरों पर बिजली गिरी। जिससे तेज धमाके के साथ ही बिजली ट्रांसफार्मरों ने भी काम करना बंद कर दिया। बिजली ट्रांसफार्मरों में आई तकनीकी खराबी से बिजली गुल हो गई। जिससे लोगों को रात अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी। सुबह नई बस्ती की महिलाओं ने रोष जताया तो ट्रांसफार्मर बदला गया। विभिन्न कॉलोनियों में बिजली व्यवस्था बहाल होने में करीब 20 घंटे लगा।
सोमवार शाम को प्री-मानसून की पहली तेज बारिश गरज के साथ शुरू हुई थी। बारिश के दौरान बिजली निगम के चार ट्रांसफार्मरों पर आसमानी बिजली गिरी। जिससे धमाके हुए और क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। एमसी कॉलोनी, नई बस्ती, सेक्टर 13 और एसपी आवास के समीप बिजली ट्रांसफार्मर खराब हुए।
देर शाम और रातभर बिजली गुल रहने के बाद सुबह भी बिजली नहीं आई तो नई बस्ती की महिलाओं का सब्र जवाब दे गया। दोपहर करीब 12 बजे महिलाएं एकत्रित हुईं और बिजली निगम कार्यालय में रोष जताने पहुंच गईं। महिलाएं एकत्रित होने की सूचना पर सिक्योरिटी एजेंसी एक्टिव हुई। बाद में एसडीओ को अवगत कराया। गुस्साईं महिलाओं ने कहा कि रात भर अंधेरे में गुजारी और खाना भी अंधेरे में ही बनाना पड़ा। मगर सुबह भी बिजली नहीं आई। निगम कर्मचारियों ने भी समस्या समाधान कब तक होगा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जिसपर महिलाओं ने रोड जाम की चेतावनी दी तो निगम कर्मचारी मौके पर पहुंचे और खराब ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू किया। मगर दोपहर दो बजे तक नई बस्ती सहित कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई।
बारिश से बिजली निगम के तीन बिजली ट्रांसफार्मरों में अचानक ही खराबी आ गई। जिसके बाद इन्हें बदलना पड़ा। निगम को करीबन तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। निगम कर्मचारियों ने सुबह से ही ट्रांसफार्मर बदलने का काम शुरू कर दिया था। दोपहर तक सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
-अंकित कंबोज, एसडीओ सिटी सब डिवीजन नंबर एक