भिवानी। शहर के रेस्ट हाउस के सामने से एक युवक का उसके ससुराल वालों ने अपहरण कर लिया और उसके हाथ-पांव रस्सी से बांधकर उसे उसके साढू़ के घर झज्जर ले गए, जहां उसे कमरे में बंधक बनाकर पीटा गया। घायल युवक ने फोन पर सौ नंबर मिलाकर हेल्प मांगी, मगर कोई नहीं मिली, इसके बाद उसके परिजन वहां पहुंचे और उसे ससुराल वालों के चंगुल से छुड़ाकर भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस को दिए बयान में प्रवीण ने बताया कि वह रोहतक के गांव किलोई का रहने वाला है। फिलहाल रेस्ट हाउस के समीप भिवानी आया हुआ था। 19 जून की रात को उसकी पत्नी के साथ कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद वह रेस्ट हाउस के गेट पर पहुंचा तो वहां उसका साला खड़ा हुआ था। जिसने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी। उसने छुड़वाने की कोशिश की, मगर इसी दौरान उसका साढू़ राजकुमार भी वहां आ गया और उसने भी मारपीट शुरू कर दी। उसे नीचे गिरा लिया और उसकी साली मंजू व सास सरला ने भी उसके साथ मारपीट की। जब उसने चिल्लाने का प्रयास किया तो उसका मुंह भी बंद कर दिया। चारों ने मिलकर उसे ऑटो में डाला और फिर रस्सी से उसके हाथ-पांव बांध दिए। इसके बाद वे उसे झज्जर ले गए। जहां उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। रास्ते में ऑटो के अंदर ही उसकी पत्नी व साली ने भी मारपीट की। उसने सौ नंबर मिला और फिर अपने परिजनों को भी फोन पर उसके यहां होने की जानकारी दी। जिसके बाद उसके परिजन वहां पहुंचे और उसे आरोपियों के चंगुल से आजाद करा अस्पताल में दाखिल कराया। सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में चारों के खिलाफ अपहरण कर मारपीट करने पर केस दर्ज किया है।