भिवानी। आज बैंक बंद होने का समय हो गया है, पेंशन नहीं मिलेगी, तुम कल आना। यह बात नेहरू पार्क के सामने स्थित एक बैंक के अधिकारियों ने शांति नगर निवासी दयावंती को उस समय कही जब वह विधवा पेंशन लेने के लिए 29 अगस्त को बैंक में गई थी। बैंक की तरफ से उसे विधवा पेंशन ना देने पर दयावंती ने 30 अगस्त को शिकायत सीएम विंडो पर दर्ज करवा दी थी। लेकिन शिकायत करने के बाद से अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दयावंती ने बताया कि उसे करीब 12 साल पहले बुढ़ापा पेंशन मिलनी शुरू हुई थी, लेकिन 8 साल पहले उसके पति की मौत होने पर उसे बुढ़ापा पेंशन के स्थान पर विधवा पेंशन मिलने लगी थी। 29 अगस्त को दोपहर सवा तीन बजे वह पेंशन लेने के लिए बैंक में गई थी। लेकिन उसे बैंक के अंदर जाने से यह कहकर रोक दिया गया कि आज पेंशन नहीं मिलेगी, कल आना। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से निवेदन किया था कि उनके पैरों में दर्द रहता है और वह बार बार बैंक में नहीं आ सकती, लेकिन फिर भी उनको अंदर नहीं जाने दिया गया।
महिला ने बताया कि बैंक बंद होने का समय 5 बजे है लेकिन उसे सवा तीन बजे भी पेंशन नहीं दी। बैंक कर्मचारियों के रवैये से तंग आकर उसने 30 अगस्त को सीएम विंडो पर इसकी शिकायत की थी। लेकिन आज तक उक्त शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।