सरसों खरीद में हेराफेरी को रोकने के लिए भाकियू बनाएगी टीम
अमर उजाला ब्यूरो
बहल।
भारतीय किसान यूनियन ने बैठक कर सरसों की खरीद के लिए तोशाम, ढिगावा मंडी, बहल व जुई में बिक्री केंद्र शुरू न करने पर चर्चा की और सरकार द्वारा खरीद के समय किसानों के साथ होने वाली हेराफेरी रोकने के लिए यूनियन टीम का गठन करेगी।
जिला उपाध्यक्ष महावीर सहारण व बहल उपाध्यक्ष बलबीर सांगवान की सयुंक्त अध्यक्षता में बहल स्थित भाकियू के जिला कार्यालय में हुई। जिला महासचिव रवि आजाद बहल ने कहा कि 15 मार्च से सरकार जिले की लोहारू, सिवानी व भिवानी में सरसों के बिक्री केंद्र शुरू कर रही हैं, लेकिन तोशाम, ढिगावा मंडी, बहल व जुई में बिक्री केंद्र शुरू न करना किसानों के साथ अन्याय व धोखा है। जिले की 3 मंडियां खोलकर सरकार व प्रशासन ने समझौते को दरकिनार कर किसानों के साथ भद्दा मजाक करने का काम किया हैं। भाकियू हरियाणा प्रधान रत्न मान के नेतृत्व में एक विशाल प्रदेशस्तरीय किसान पंचायत बुलाएगी और आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी, जिसकी सरकार व प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगी। नमी का नाम लेकर सरकार सरेआम किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई हैं। गेट पास की अनिवार्यता भी किसानों को तंग करने वाली हैं। सभी सहायता केंद्रों की मदद करने के लिए जिला स्तर पर एक टीम बनाई जाएगी जो सभी सहायता केंद्रों की मदद करेगी। किसान नेता हवासिंह, रामबीर फौजी तोशाम, कोहर सिंह नम्बरदार थीलोड़, सिवानी प्रधान भल्ले सिंह नंबरदार, जिला सोशल मीडिया प्रभारी नरेंद्र पूनिया, भूप सिंह दलाल, बलवंत खरखड़ी,अशोक अमीरबास, बीरसिंह बडदू धिरजा, अमर सिंह, सोमबीर महला सोरडा आदि उपस्थित थे।