पंचायत का फैसला, प्रीमियम मामले में 25 को प्रदर्शन करेंगे किसान
तोशाम। फसल बीमा प्रीमियम राशि किसानों के खाते में वापस लौटाकर ओलावृष्टि से प्रभावित सरसों व गेहूं की फसल के मुआवजे पर पलीता लगाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस मामले के संबंध में बुधवार को गांव देवावास में हुई पंचायत में 25 अक्टूबर को बैंक के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया। इस संबंध में 15 सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई है।
गांव देवावास में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन व अखिल भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में पंचायत बुलाई गई। पंचायत की अध्यक्षता सरपंच रामधारी ने की। इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा के राज्य प्रधान शेरसिंह ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। किसानों के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं किया जाएगा। भाकियू के तोशाम खंड के उपप्रधान सुरेंद्र छपारिया ने कहा कि यह किसानों के साथ धोखा किया गया है। किसान इस अन्याय को कब तक सहन करेंगे। इस मौके पर रणबीर गोयत, हरनंद, प्रहलाद पूर्व सरपंच, रामस्वरूप पूर्व सरपंच, उदयबीर वकील, सुरेंद्र ईसरवाल,सचिव दयानंद पूनिया व डॉ बलबीर सिंह ठाकन, जिला प्रधान ओमप्रकाश सैणी, बलवान बागड़ी जिला पार्षद, तहसील तोशाम प्रधान कर्णसिंह जैणावास, तहसील सिवानी के प्रधान रामकिशन भाकर और भारतीय किसान यूनियन भिवानी के प्रधान मेवासिंह आर्य, आजाद भूंगला ढिगावा प्रधान, रवि आजाद खंड प्रधान बहल आदि ने भाग लिया है।