धरनास्थल पर काली दिवाली मनाएंगे प्रेरक
भिवानी। अनिश्चितकालीन धरने के छठे दिन बुधवार को शिक्षा प्रेरकों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान प्रेरकों ने धरनास्थल पर काली दिवाली मनाने का निर्णय लिया।
बुधवार को लघु सचिवालय के बाहर धरने की अध्यक्षता भिवानी खंड प्रधान रमेश मुखीजा ने की। शिक्षा प्रेरक संघ राज्य प्रधान भगवत कौशिक ने कहा कि प्रेरक संघ के शिष्ट मंडल को उपायुक्त ने बातचीत के लिए बुलाया था लेकिन उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनी।
उन्होंने कहा कि शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने सत्ता में आने से पूर्व शिक्षा प्रेरकों से वायदा किया था कि सत्ता में आने के बाद शिक्षा प्रेरकों को पक्का किया जाएगा, लेकिन सरकार जब सत्तासीन हुई तो वायदों को भूलकर प्रेरकों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। शिक्षा प्रेरक सरकार के गलत रवैये के कारण धरने स्थल पर ही काली दिवाली मनाएंगे।
प्रेरक संघ सचिव संजय कौंटिया ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही प्रेरकों की मांगों को पूरा नहीं किया तो वे आमरण अनशन करने व रोड जाम करने पर बाध्य होंगे। इस मौके पर जंगबीर कैरू, डॉ. मोहन लाल, सुरेश लोहारू, सुखबीर धिराना, सतीश पाथवाली, राजबाला, मंजू, भारती, लक्ष्मी भाखड़ा, महाबीर गुजरानी, रीतू मुंढाल, संदीप सांगवान, सुनीता, बिजेंद्र आदि मौजूद रहे।