अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
रोहतक-भिवानी इलेक्ट्रिक लाइन पर शनिवार को इलेक्ट्रिक इंजन के साथ सिरसा एक्सप्रेस भिवानी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर सिरसा एक्सप्रेस जब भिवानी रेलवे जंक्शन पर पहुंची तो दैनिक रेल यात्री एवं जनकल्याण संघ ने गाड़ी के चालक बनवारी लाल, सहायक चालक सुनील कुमार मूंड का फूलमालाओं से स्वागत किया। ट्रेन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। इस अवसर संघ के प्रधान महाबीर प्रसाद डालमिया, प्रीतम अग्रवाल, सत्यबहादुर पांडे, रामप्रसाद राठौड़, प्रदीप भार्गव, ललित शर्मा, स्टेशन अधीक्षक जेके गुप्ता, विजय किशन धारेडूवाला, महेंद्र डालमिया, विकास डालमिया और दैनिक रेलयात्री मौजूद थे।
भिवानी-रोहतक लाइन का विद्युतीकरण का कार्य लगभग 15 माह पहले शुरू किया गया था जोकि तय सीमा में पूरा हो गया हैं। इस लाइन के विद्युतीकरण पर 50 करोड़ रुपये की लागत आई हैं। इससे न केवल डीजल की बचत होगी बल्कि प्रदूषण में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि तय सीमा में कार्य पूरा करवाने के लिए तत्कालीन रेलमंत्री सुरेश प्रभु व वर्तमान रेलमंत्री पीयूष गोयल तथा रेलवे विभाग के संबंधित अधिकारी बधाई के पात्र हैं। डालमिया ने बताया कि इसी प्रकार रिवाड़ी-हिसार लाईन के विद्युतीकरण का कार्य भी अंतिम चरण में है। ट्रैक पर भी शीघ्र इलेक्ट्रिक इंजन की गाड़ियां संचालित की जाएंगी। सिरसा एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस दिल्ली से आने के समय लेट होना आम बात है। जिससे हजारों यात्रियों का काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसलिए इनको निर्धारित समय पर चलाया जाए ताकि यात्रियों को समय की बचत हो सके। संघ इस बारे में कई बार रेलवे विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र लिख चुका है।