कहीं दिन में उजाला तो कहीं रात को स्ट्रीट लाइट ना जलने से छाया अंधेरा
भिवानी। शहर में रात के समय रोड पर कहीं दूर-दूर तक अंधेरा होता है तो कहीं दिन के समय स्ट्रीट लाइटें जगमगाती हुई दिखाई देती है। दूसरी तरफ शहर के अधिकारी व राजनीति पार्टियों के घर के बाहर 24 घंटे स्ट्रीट लाइट की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
शहर में हर रोज किसी न किसी क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइट ठीक करने का काम चलता रहता है, लेकिन दो दिन बाद स्थिति वैसी ही दिखाई देती है। शहर के हांसी रोड से लेकर रोहतक गेट तक स्ट्रीट लाइट को कुछ समय पहले ही ठीक किया गया था, लेकिन अब रोड पर दूर-दूर तक कोई भी स्ट्रीट लाइट जलती हुई दिखाई नहीं देती। रोहतक रोड व हांसी रोड में रातभर वाहनों की आवाजाही और सांडों का जमावड़ा लगा रहता है। रात के समय मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट ना जलने से बीच रास्ते बैठे सांड़ दिखाई ना देने से हादसे का अंदेशा बना रहता है। जबकि अशोका मार्ग पर पिछले तीन दिन से दिन के समय स्ट्रीट लाइन जगमगा रही है।