अमर उजाला बयूरो
भिवानी। पिछले सप्ताह नया बाजार मार्ग पर नालों की सफाई कर निकाली गई गंदगी को उठाने मंगलवार सुबह कर्मचारी जेसीबी लेकर पहुंचे। इस दौरान नालों की गंदगी और कीचड़ पूरी सड़क पर फैल गई। इससे दुकानदार उखड़ गए और रोष जताया। सड़क पर फैली नालों की गंदगी दिनभर दुकानदारों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी रही।
नगर परिषद ने पिछले सप्ताह नालों की सफाई करवाई थी। नप कर्मचारियों ने नालों से निकाली गंदगी नालों के किनारे पर ही छोड़ दी थी। इससे दुकानदार परेशान थे। अमर उजाला ने दुकानदारों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर संज्ञान लेते हुए मंगलवार सुबह करीब नौ बजे नगर परिषद के कर्मचारी नालों से निकली गंदगी उठाने पहुंचे। अब तक नालों से निकाली गई गंदगी को कर्मचारी कस्सियों और तसले से ट्रैक्टर-ट्राली में भरते थे। इस बार जेसीबी से गंदगी उठाई गई। यह तरीका हर किसी के लिए परेशानी का कारण बन गया। जेसीबी से गंदगी उठाने के दौरान आधी गंदगी सड़क पर फैल गई। इसके ऊपर से वाहन गुजरे तो यह पूरी सड़क पर फैल गई। हालत ये रही कि आधे से ज्यादा सड़क पर यह गंदगी दिखने लगी। वाहन चालक इससे बचकर चलने का प्रयास कर रहे थे। इस कारण जाम भी लगा। इससे परेशान दुकानदार एकत्रित हुए और रोष जताया। गंदगी उठवाने के लिए रोड जाम की भी तैयारी करने लगे, लेकिन उससे पहले ही गंदगी जल्द उठवाने का आश्वासन मिल गया। इसके बाद दुकानदार लौट गए।
दुर्गंध में रहना मुश्किल, कैसे आएंगे गंद से ग्राहक
दुकानदारों ने रोष जताते हुए कहा कि गंदगी से इतनी दुर्गंध आ रही है कि दुकान में बैठा मुश्किल हो रहा है। ग्राहक भी दुकान पर नहीं आ रहे। दुकानदार सुरेश कुमार, सुनील, श्रवण कुमार, कृष्ण कुमार, रामकिशन अग्रवाल, अशोक, संजय, ताराचंद, पवन कुमार, सुशील, नरेश कुमार आदि ने बताया कि पिछले सप्ताह नालों से निकाले गंदगी को कर्मचारियों ने सड़क पर फैला दिया है।