भिवानी। सड़क हादसे में गांव हालुवास निवासी किशोर की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामला मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का है।
गांव हालुवास निवासी 14 वर्षीय कविंद्र उर्फ शुभम आठवीं कक्षा में पढ़ता था। वह चार भाई बहनों में सबसे छोटा था। मंगलवार दोपहर वह हालुवास मोड़ स्थित अपने खेत में गया हुआ था। वह घर पर जाने के लिए जब हालुवास मोड़ पर पहुंचा तो अचानक ही लोहारू की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर कविंद्र के ताऊ राजेंद्र की दुकान है। परिजन प्राइवेट वाहन में उसे उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल के आपातकाल विभाग लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए हिसार के प्राइवेट ले जाने लगे मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी एचसी रविंद्र ने बताया कि मृतक कविंद्र का पिता रविंद्र खेतीबाड़ी करता है। मृतक के ताऊ राजेंद्र के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।