पाइप लाइन डालते वक्त मिट्टी का तौंदा गिरा, दो मजदूर दबे
भिवानी। गांव ढाणा नरसान में जलघर में पाइप लाइन डालते समय मिट्टी का बड़ा हिस्सा मजदूरों पर गिरा गया। जिससे दो मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। एक मजदूर को 20 मिनट में बाहर ही निकाल लिया गया जबकि दूसरे को करीब साढ़े चार घंटे बाद कड़ी मशक्कत के बाद निकाला।
दूसरे मजदूर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
गांव ढाणा नरसान में पिछले कुछ दिन से जलघर में पाइप लाइन डालने को काम चल रहा है। बुधवार शाम पांच बजे मिट्टी के नीचे पाइप दब दबाए जा चुके थे। अंतिम पाइप दबाने के लिए मध्य प्रदेश के गांव छतरपुर निवासी जसप्रीत (35) तथा बबलू (32) खड़े थे, तभी मिट्टी का बड़ा तौंदा उन पर आ गिरा।
हादसे के बाद अन्य मजदूरों ने शोर मचाया और मौके पर जेसीबी मशीन बुलाई। जेसीबी मशीन की मदद से 15-20 मिनट के प्रयासों के बाद बबलू को बाहर निकाला गया। बबलू को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं जसप्रीत की तलाश के लिए दूसरे जेसीबी मशीन लगाई गई। लगभग साढ़े चार घंटे की जद्दोजहद के बाद जसप्रीत को मिट्टी से बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जसप्रीत को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया।